पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को मानहानि नोटिस का जवाब न देने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ममता घबराहट में हैं।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरम है। राज्य के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे क्योंकि उन्हें समय पर मानहानि नोटिस का जवाब नहीं दिया है।
अधिकारी ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री के जवाब न देने से कोयला घोटाले से जुड़े उनके आरोपों की "काल्पनिक" प्रकृति सामने आ गई है। ममता बनर्जी लगता है पूरी तरह से घबरा गई हैं।
उन्होंने आगे कहा- मेरी तरफ से दिए गए मानहानि नोटिस का जवाब देने का समय अब खत्म हो गया है और मुश्किल में होने के कारण वह जवाब नहीं दे पाईं।
मुख्यमंत्री ने अपने व्यवहार से यह साफ कर दिया है कि कोयला घोटाले में मेरे शामिल होने के बारे में उनके काल्पनिक आरोप उनकी खराब मानसिकता का नतीजा थे। कोर्ट में कानूनी नतीजों का सामना करने के लिए तैयार रहें। ममता बनर्जी, अब मैं आपसे कोर्ट में मिलूंगा।
अधिकारी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री को एक कानूनी नोटिस भेजा था, जिसमें उनसे 72 घंटे के भीतर सबूत पेश करने की मांग की गई थी ताकि उनके इस दावे को साबित किया जा सके कि वह कोयला तस्करी मामले में शामिल थे।
उन्होंने चेतावनी दी थी कि ऐसा न करने पर उन्हें उचित आपराधिक मानहानि की कार्यवाही शुरू करनी पड़ेगी। पहले के एक्स पोस्ट में अधिकारी ने कहा था कि ये आरोप प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चल रही जांच से ध्यान भटकाने की हताश कोशिश में लगाए गए थे।
अधिकारी ने आगे कहा था- मुख्यमंत्री का ये लापरवाह बयान एक तरह से व्यक्तिगत अपमान है। बिना किसी सबूत के सार्वजनिक रूप से यहदिए गए। ऐसे निराधार दावों ने न केवल मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया, बल्कि सार्वजनिक चर्चा की गरिमा को भी कम किया।
ममता बनर्जी ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सुवेंदु अधिकारी कथित कोयला घोटाले में शामिल थे और दावा किया कि घोटाले का पैसा अधिकारी के माध्यम से अमित शाह तक पहुंचाया गया था। मुख्यमंत्री ने ये टिप्पणियां कोलकाता में I-PAC कार्यालय पर ED की छापेमारी के विरोध में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए की थीं।