राष्ट्रीय

कटक को बेहतर बनाऊंगी…जानें ओडिशा की पहली मुस्लिम महिला विधायक बनने पर सोफिया फिरदौस ने क्या कहा?

Odisha first Muslim woman MLA: कटक जिले की बाराबती-कटक सीट से कांग्रेस की टिकट पर ओडिशा विधानसभा की पहली मुस्लिम महिला विधायक ने जीत दर्ज की है।

2 min read

लोकसभा चुनाव के नतीजों के ऐलान के साथ ही ओडिशा विधानसभा चुनाव के नतीजे का भी ऐलान किया गया। बीजेपी ने इस राज्य में बहुमत का आंकड़ा पार करने के साथ ही 24 साल से चले आ रहे नवीन पटनायक के राज को खत्म कर दिया। लेकिन इन सबके बीच कुछ ऐसा हुआ की सबकी नजर सूबे की कटक सीट पर जा टिकी। दरअसल, कटक जिले की बाराबती-कटक सीट से कांग्रेस की टिकट पर ओडिशा विधानसभा की पहली मुस्लिम महिला विधायक ने जीत दर्ज की है। विधायक चुने जाने के बाद सोफिया फिरदौस ने न सिर्फ लोगों को धन्यवाद दिया। बल्कि ये विश्वास भी दिलाया कि वो आने वाले समय में कटक के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ने वाली।

पहली मुस्लिम विधायक हैं सोफिया

सोफिया फिरदौस ओडिशा विधानसभा के लिए चुनी जाने वाली पहली मुस्लिम महिला विधायक हैं. इससे पहले बाराबती-कटक विधानसभा सीट से उनके पिता विधायक थे। हालांकि, उन्हें एक भ्रष्टाचार के मामले में सजा सुनाई गई थी। उन्हें चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य करार दे दिया गया। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने सोफिया फिरदौस पर दांव चला। ओडिशा की पहली मुख्यमंत्री नंदिनी सत्पथी ने भी साल 1972 में इसी सीट का प्रतिनिधित्व किया था। 

32 साल की उम्र में विधायक बनी सोफिया

चुनावी हलफनामें में दी गई जानकारी के मुताबिक, सोफिया फिरदौस IIM बेंगलोर से पढ़ी हैं। फिरदौस अभी तक क्रेडाई भुवनेश्वर की अध्यक्ष थीं। इसके साथ ही वह ओडिशा के बड़े मेट्रो ग्रुप की डायरेक्टर हैं। सोफिया कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद मोकिम की बेटी हैं।  इस चुनाव में कांग्रेस उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार और प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ पूर्ण चंद्र महापात्रा को 8,001 वोटों के अंतर से हराया है। 

बीजेपी को मिली है जीत

2024 के ओडिशा विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 147 सीटों में से 78 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। राज्य में 24 साल बाद सत्ता परिवर्तन हुआ है। अभी तक नवीन पटनायक लगातार राज्य के मुख्यमंत्री बने हुए थे। पहली बार उनकी पार्टी सत्ता से बाहर हुई है। कांग्रेस को राज्य में 14 सीटों पर जीत मिली है। ओडिशा में कांग्रेस, बीजेडी और बीजेपी अकेले चुनाव लड़े थे। ओडिशा में पहली बार बीजेपी को सरकार बनाने का मौका मिला है।

Also Read
View All

अगली खबर