राष्ट्रीय

नवंबर में कमजोर पड़ी सर्दी की रफ्तार, अगले दो महीने भी सामान्य से ज्यादा रह सकता है तापमान, 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट

भारत में नवंबर के दौरान सर्दी की रफ्तार धीमी क्यों है? अल नीनो के प्रभाव से अगले दो महीनों में तापमान सामान्य से अधिक रहने के संकेत हैं। जानिए मौसम का रबी फसलों, सेहत और बारिश-बर्फबारी पर संभावित असर।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 4:00 AM IST
weather news
AI Image-(ChatGpt)

IMD Weather Forecast: नवंबर में इस बार सर्दी अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ पाई है। देश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के नवंबर में देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान भी अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से अधिक रहा है। रातों में भी ठंड का असर कम रह रहा है। हिमालय की तलहटी के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के बड़े भूभाग में सर्दी ने रफ्तार नहीं पकड़ी है।

आइएमडी के अनुसार प्रशांत महासागर में सक्रिय बेहद मजबूत अल नीनो को मौसम के असामान्य मिजाज का प्रमुख कारण माना जा रहा है। समुद्र के बढ़ते तापमान का असर से भारत में ठंड के सामान्य पैटर्न में बदलाव सामने आया है। नवंबर 2024 में देश का औसत तापमान 1901 के बाद तीसरा सर्वाधिक रहा था। इसके अगले साल नवंबर 2025 में तापमान सामान्य से नीचे चला गया। इस बार नवंबर 2026 में फिर तापमान सामान्य से ऊपर है। नवंबर के मौसम में साल-दर-साल बड़े उतार-चढ़ाव की तस्वीर सामने आई है।

अगले दो माह में भी कमजोर रहेगी सर्दी


आइएमडी के दक्षिण एशिया के प्रायोगिक मौसमी पूर्वानुमान के अनुसार नवंबर से जनवरी तक अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से अधिक तापमान के संकेत हैं। हालांकि हिमालय के उत्तरी हिस्सों में सामान्य से कम तापमान रह सकता है।

कम सर्दी के संभावित प्रभाव


-रबी सीजन में गेहूं, चना और सरसों की फसलों की बढ़वार व पैदावार प्रभावित हो सकती है।
-मच्छरजनित व श्वांस संबंधी बीमारियों का मौसम लंबा खिंच सकता है।
-पहाड़ों में बर्फबारी कम होने से जलस्रोतों पर दबाव बढ़ सकता है।
-सर्दियों में प्रदूषण और कोहरे की स्थिति का स्वरूप बदल सकता है।

12 राज्यों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट


मौसम विभाग ने 12 राज्यों में 23 नवंबर को बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

Published on: