
IMD Cold Wave Alert: नए साल के साथ ही कड़ाके की सर्दी पड़ना शुरू हो गया है। उत्तर-पश्चिम भारत में कई जगहों पर मावठ की बारिश भी हुई है। इसी बीच मौसम विभाग ने अपना नया अपडेट जारी कर दिया है। IMD के ताजा अपडेट के मुताबिक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, ओडिशा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर शनिवार को सुबह तक घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. सुप्रित कुमार ने कहा कि हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर और राजस्थान में अगले 4-5 दिनों के दौरान रात और सुबह के घंटों में घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 3 और 4 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, 3 से 6 जनवरी के दौरान हरियाणा और चंडीगढ़ और 8 और 9 जनवरी को राजस्थान में शीत लहर चलने की संभावना है।
IMD के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे गिरावट होगी। इसके बाद अगले चार दिनों तक कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
मध्य भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान 2-4 डिग्री सेल्सियस कम होने की संभावना है। इसके बाद तीन दिनों तक कोई खास बदलाव नहीं होगा।
पूर्वी भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिर अगले पांच दिनों के दौरान 2-3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे गिरावट होगी।
महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। उसके अगले चार दिनों तक कोई खास बदलाव नहीं होगा।
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए कई राज्यों ने स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी हैं। पंजाब में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 7 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। यूपी के पांच जिलों में ठंड को देखते हुए 12वीं तक के स्कूलों की छुट्टी बढ़ा दी है।