पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज भी कर लिया।
गुजरात के नवसारी जिले के बिलीमोरा शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक महिला ने अपने दोनों बेटों की हत्या कर दी और ससुर पर भी जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद ससुर ने पड़ोसियों को घटना के बारे में जानकारी दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं महिला का पति पिछले चार दिन से अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना देसरा इलाके के महाराजा अपार्टमेंट के एक फ्लैट में हुई है। दरअसल, यूपी के जौनपुर निवासी शिवकांत शर्मा अपनी पत्नी-बच्चों और माता-पिता के साथ करीब दस साल से यहां पर रह रहा है।
शिवकांत को टायफाइड होने पर परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस ने बताया कि महिला ने अपने सोते हुए बच्चों का गला घोट दिया। इसके बाद ससुर के कमरे में गई और उसने कांच से हमला किया। जिससे ससुर का हाथ कट गया।
वहीं महिला द्वारा हमला करने के बाद ससुर भागने लगा तो उसने कान काट लिया। किसी तरह व्यक्ति उसके चंगुल से भागा और पड़ोसियों को घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजे को तोड़कर फ्लैट के अंदर प्रवेश किया। घटनास्थल का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान हो गई। महिला अपने दोनों बच्चों के शव के पास बैठी मिली। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज भी कर लिया।
वहीं महिला ने पुलिस पूछताछ में बच्चों की गला घोटकर हत्या की बात कबूल की है। महिला ने बताया कि उसने वारदात को अंजाम देने से पहले स्नान किया और इसके बाद प्रार्थना की।
मामले में पुलिस उपाधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि हम उसे अस्पताल में मनोचिकित्सक के पास ले गए और पता चला कि वह मानसिक रूप से अस्थिर है। उसने हमें बताया कि उसने पितृमोक्ष के लिए ऐसा किया था।
पुलिस ने कहा कि उसने हमें बताया कि पिछले दो दिनों से कोई उसके सपने में आ रहा था और कह रहा था कि उसे अपने दोनों बेटों की बलि देनी होगी, और उसके बाद, उसके जीवन में सब कुछ सामान्य हो जाएगा।