राष्ट्रीय

भारत विरोधी ट्रेड डील के खिलाफ युवा कांग्रेस का संसद घेराव, कई कार्यकर्ता हिरासत में

दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कथित भारत विरोधी ट्रेड डील के खिलाफ संसद घेराव का प्रयास किया। जंतर-मंतर से शुरू हुए प्रदर्शन में सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने सरकार पर अमेरिका के दबाव में समझौता करने का आरोप लगाया।

2 min read
Mar 17, 2026
Congress

Indian Youth Congress: भारतीय युवा कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कथित भारत विरोधी ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया और संसद घेराव का प्रयास किया। इस विरोध प्रदर्शन में देशभर से बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार पर आरोप लगा रहे थे कि उसने राष्ट्रीय हितों के खिलाफ जाकर यह समझौता किया है और इससे देश की आर्थिक, ऊर्जा तथा सुरक्षा नीतियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

सचिन पायलट ने भी कड़ी आलोचना की


प्रदर्शन से पहले युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली के जंतर-मंतर पर एकत्र हुए, जहां एक सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने केंद्र सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अमेरिका के दबाव में आकर देश के हितों के विपरीत एक समझौता किया है। पायलट ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की नीतियां देश की आर्थिक और वैश्विक रणनीति को कमजोर करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत की स्वायत्तता और नीति-निर्माण की स्वतंत्रता पर भी सवाल खड़े करता है।

कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया


सचिन पायलट ने आगे कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं और उन्होंने भी इसे एक तरह का “सरेंडर” बताया है। पायलट के अनुसार, सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर किन परिस्थितियों में ऐसा समझौता किया गया और इसके पीछे किस तरह का दबाव काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि देश की जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है। सभा के बाद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता संसद की ओर मार्च करने लगे, लेकिन रास्ते में दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जारी रखा।

कांग्रेस के कई नेता रहे मौजूद


इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह राजा, कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी, शाहपुरा विधायक मनीष यादव और विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सभा को संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को किसान, युवा और आम जनता के हितों के खिलाफ बताया और सरकार से इस समझौते पर पुनर्विचार करने की मांग की।युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मुद्दे पर पारदर्शिता नहीं दिखाती और देशहित में कदम नहीं उठाती, तो संगठन देशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन जारी रखेगा।

Published on:
17 Mar 2026 04:12 am
Also Read
View All

अगली खबर