MP News: तस्कर ने पुलिस को चकमा देने के लिए खेत के चारों ओर और बीच-बीच में कपास की फसल लगा रखी थी....
MP News: मध्यप्रदेश में नीमच जिले के जावद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नीमच पुलिस ने अब तस्करों पर 'तीसरी आंख' यानी ड्रोन से नजर रखना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रतनगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम लुहारिया जाट में कपास की फसल के बीच छिपाई गई अवैध अफीम की खेती को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से करीब 97 लाख 60 हजार रुपये की अवैध अफीम के पौधे जब्त कर खेत मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन ने बताया कि मादक पदार्थों की खेती को पकड़ने के लिए मुखबिर तंत्र के साथ आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाए। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लुहारिया जाट के एक खेत में संदिग्ध खेती हो रही है। तस्कर ने पुलिस को चकमा देने के लिए खेत के चारों ओर और बीच-बीच में कपास की फसल लगा रखी थी। पुलिस ने जब 11 फरवरी को संदिग्ध खेत के ऊपर ड्रोन उड़ाया, तो कैमरे की नजर से सच छुप नहीं सका। आसमान से ली गई तस्वीरों में कपास के बीच अफीम के हरे पौधे साफ दिखाई दिए।
ड्रोन से पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने लुहारिया जाट निवासी हीरालाल पिता घिसालाल माली (43) के खेत पर दबिश दी। पुलिस ने जब खेत की तलाशी ली, तो वहां अफीम की बंपर फसल तैयार खड़ी थी। पुलिस ने मौके से अफीम के छोटे-बड़े कुल 11,600 हरे पौधे उखाड़े। इनका वजन करने पर कुल मात्रा 9 क्विंटल 76 किलोग्राम पाई गई। जब्तशुदा अफीम के पौधों की कीमत करीब 97 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से ही खेत मालिक हीरालाल माली को गिरफ्तार कर लिया है। कानूनी औपचारिकताओं के बाद बरामद अफीम के पौधों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है कि वह यह अफीम किसे सप्लाई करने वाला था और इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना और ड्रोन सर्चिंग के आधार पर लुहारिया जाट में कार्रवाई की गई है। कपास के बीच अफीम की खेती की जा रही थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और विवेचना जारी है। - मनोज सिंह जादौन, थाना प्रभारी, रतनगढ़