नीमच

नीमच कैफे हत्याकांड में बड़ा खुलासा: ईशान को मुक्के मारने वाला अभिजीत तोमर फरार, हिरासत में 4 संदिग्ध

Neemuch Cafe Murder Case : निहाल शर्मा का नाम भी आया सामने, कैफे विवाद में 20 से ज्यादा युवक शामिल थे। गाड़ी से कुचलने की भी कोशिश की गई थी। गंभीर घायल रवि उदयपुर रेफर।
3 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 12:49 PM IST
Neemuch Cafe Murder Case
थार के साथ मुख्य आरोपी अभिजीत सिंह तोमर, साइड में मृतक ईशान (फोटो सोर्स: Patrika)

Neemuch News :मध्य प्रदेश के नीमच जिले में कैंट थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले भड़भड़िया चौराहे स्थित 'हाईवे 24x7' (MP-24) कैफे पर देर रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में भाजपा नेता के बेटे ईशान चौरसिया की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच और सामने आया कि, मारपीट के दौरान ईशान को ताबड़तोड़ मुक्के मारने वाले मुख्य आरोपी के रूप में अभिजीत सिंह तोमर का नाम सामने आया है। घटना के बाद से ही अभिजीत फरार है। पुलिस उसकी तलाश में अलग अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है।

मामले में निहाल शर्मा की भूमिका भी सामने आई है। वहीं, दूसरे पक्ष के रवि और एक स्थानीय नाकेदार के बेटे का नाम भी सामने आया है। पुलिस ने अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर चुकी है।

मुक्कों की चोट से बिगड़ी ईशान की तबीयत, अस्पताल में मौत

रविवार और सोमवार की दरमियानी रात कैफे पर 20 से अधिक युवकों के बीच विवाद हुआ था, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप धारण कर लिया। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि, अभिजीत सिंह तोमर के मुक्कों से भाजपा नेता मनीष चौरसिया के बेटे ईशान चौरसिया के कान के नीचे गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं।

बयान दर्ज कराए, अचानक मौत

हैरानी की बात ये है कि, विवाद के बाद ईशान कैंट थाने में बयान दर्ज कराने और शुरुआती कानूनी कार्रवाई के दौरान होश में था। लेकिन, मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद अचानक ही उसने दम तोड़ दिया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगी।

गाड़ी चढ़ाकर कुचलने की भी कोशिश

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत चंगेरा मंडी से हुई थी, जो बढ़ते-बढ़ते भड़भड़िया स्थित कैफे तक पहुंच गई। यहां दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक युवक पर गाड़ी चढ़ाकर कुचलने को कोशिश भी की गई।

आरोपी की तलाश जारी

इस मामले में मुख्य आरोपी के तौर पर अभिजीत सिंह तोमर का नाम सामने आया है। उसकी 'AST' लिखी थार गाड़ी के साथ तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वहीं, 20 वर्षीय निहाल शर्मा , पिता रवि शर्मा, निवासी नीमच सिटी की भूमिका भी जांच के दायरे में है। वहीं, दूसरे पक्ष से रवि और एक स्थानीय नाकेदार के पुत्र का नाम भी सामने आया है। गंभीर रूप से घायल रवि की हालत नाजुक होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया है। इसके अलावा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश 'पप्पू' जैन के बेटे मेघ जैन, निवासी विकास नगर और रुद्राक्ष/रुद्रांश (25), पिता राजेश, निवासी वीर पार्क रोड भी संघर्ष में घायल हुए हैं। उनका उपचार जारी है।

एसपी ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश व्यास खुद कैंट थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक 4 संदिग्धों को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है। सीएसपी अनुराधा अग्रवाल के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ईशान की मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। पुलिस फरार मुख्य आरोपी अभिजीत सिंह तोमर की तलाश में जुटी है।

अस्पताल में उमड़ी समर्थकों की भीड़

ईशान की मौत की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में भाजपा नेताओं, समर्थकों और परिचितों की भीड़ जुट गई। विधायक दिलीप सिंह परिहार और भाजपा नेता महेंद्र 'बबलू' भटनागर समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ढाबे-कैफे की सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है। भाटखेड़ा फंटे से नयागांव टोल तक देर रात तक संचालित होने वाले ढाबों और कैफे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि, ऐसे स्थानों पर देर रात होने वाली गतिविधियों की निगरानी और पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए।

Updated on:
9 Nov 2026, 12:49 PM IST
Published on: