9 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जहां सालभर लगती है सोने-चांदी की दुकानें, वहां गोवर्धन पूजा पर लगती है मंडी, 127 साल पुरानी है नीमच की ये परंपरा

Vegetable Market Tradition : देश में अनूठी पहचान बना नीमच का सर्राफा बाजार, साल में एक दिन बिकती हैं सब्जियां, गोवर्धन पूजा पर सर्राफा बाजार बनता है सब्जी मंडी, जहां सोने-चांदी की दुकानों के बाहर सब्जियों की मंडी सजती है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नीमच

•

image

Mohammad Faiz Mubarak

•

Updated: 9 Nov 2026, 6:00 AM IST

Vegetable Market Tradition

सराफा बाजार में लगी सब्जी मंडी (फोटो सोर्स: Patrika)

Neemuch News :मध्य प्रदेश के नीमच शहर में आम दिनों में जिस सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी होती है, वहां दिवाली के अगले दिन यानी गोवर्धन पूजा पर सब्जियों की मंडी सजती है। सोने-चांदी की दुकानों के बाहर हरी और रंग-बिरंगी सब्जियों के ढेर नजर आते हैं। ग्राहक भी साल में एक दिन लगने वाली इस विशेष मंडी से खरीदारी करने बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।

नीमच की ये अनूठी परंपरा करीब 127 साल से निभाई जा रही है। इसका उद्देश्य सिर्फ कारोबार नहीं, बल्कि अन्नकूट के प्रसाद के लिए लोगों को एक ही स्थान पर सभी तरह की सब्जियां उपलब्ध कराना है। बदलते समय और बाजार के विस्तार के बावजूद शहरवासियों ने इस परंपरा को आज भी यथावत संजोकर रखा हुआ है।

सुबह 5 बजे से सजी मंडी

गोवर्धन पूजा के दिन सुबह करीब 5 बजे से सर्राफा बाजार में सब्जियों की दुकानें सज गई हैं। सामान्य दिनों में आभूषणों की खरीदारी के लिए पहचाने जाने वाले इस बाजार का नजारा इस दिन पूरी तरह बदल जाता है। यहां हर तरह की सब्जियां बिकने आती हैं। अन्नकूट का प्रसाद तैयार करने वाले परिवारों को खरीदारी के लिए अलग-अलग बाजारों में नहीं जाना पड़ता। नीमच शहर के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। इस दिन सराफा बाजार की अन्य दुकानें बंद रहती हैं और व्यापारी सब्जी विक्रेताओं को दुकान लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराते हैं।

अन्नकूट के प्रसाद से शुरू हुई परंपरा

बताया जाता है कि करीब 127 साल पहले नीमच का प्रमुख बाजार सर्राफा ही था। गोवर्धन पूजा पर आसपास के मंदिरों में अन्नकूट के प्रसाद की तैयारियां होती थीं। श्रद्धालुओं को प्रसाद के लिए जरूरी सब्जियां आसानी से मिल सकें, इसी उद्देश्य से सर्राफा बाजार में एक दिन की सब्जी मंडी लगाने की शुरुआत हुई। धीरे-धीरे ये आयोजन परंपरा बन गया। शहर का विस्तार हुआ, नए बाजार बने और खरीदारी के विकल्प बढ़े, लेकिन गोवर्धन पूजा पर सर्राफा बाजार में मंडी लगाने का सिलसिला नहीं टूटा।

न मोलभाव, न मुनाफे की होड़

इस मंडी की एक खास विशेषता खरीदारी का तरीका भी है। यहां ग्राहक सामान्य बाजार की तरह सब्जियों के दाम को लेकर मोलभाव नहीं करते। मान्यता है कि इन सब्जियों का उपयोग भगवान के अन्नकूट प्रसाद में किया जाएगा, इसलिए लोग उचित कीमत पर खरीदारी करते हैं। सब्जी विक्रेता भी इस दिन वाजिब दाम पर ही सब्जियां बेचते हैं। दिनभर की बिक्री के बाद जो सब्जियां बच जाती हैं, उन्हें फेंकने के बजाय मंदिरों में अर्पित कर दिया जाता है। इस तरह मंडी व्यापार के साथ सेवा और धार्मिक आस्था का भी माध्यम बनती है।

व्यापारी और विक्रेता मिलकर निभाते हैं परंपरा

सब्जी खरीदने पहुंचे पारस सोनी ने बताया कि, सर्राफा बाजार के आसपास कई मंदिर हैं। गोवर्धन पूजा पर यहां अन्नकूट का प्रसाद तैयार होता है। लोगों को सब्जियों के लिए भटकना नहीं पड़े, इसलिए बारिश से ये मंडी लग रही है। सब्जी विक्रेता जगदीश जोशी बताते हैं कि, सर्राफा बाजार के व्यापारी इस आयोजन में पूरा सहयोग करते हैं। कोई व्यापारी उन्हें परेशान नहीं करता, बल्कि आत्मीयता से व्यवहार करता है। यही कारण है कि, वर्षों से ये परंपरा लगातार निभाई जा रही है। सराफा व्यापारी नंदू सराफ के अनुसार, गोवर्धन पूजा पर सब्जी मंडी लगाने में बाजार के सभी व्यापारियों का सहयोग रहता है। सुबह 5 बजे से मंडी सज गई है। दिनभर यहां खरीदारी का सिलसिला जारी रहेगा।

बाजार से बढ़कर शहर की पहचान

समय के साथ बाजारों का स्वरूप बदला, लेकिन नीमच के सर्राफा बाजार की ये परंपरा आज भी कायम है। साल में एक दिन सोने-चांदी की दुकानों के बाहर सब्जियों की दुकानें सजना अपने आप में अनूठा दृश्य होता है। यहां ग्राहक, सब्जी विक्रेता और सर्राफा व्यापारी मिलकर धार्मिक आयोजन में अपनी भागीदारी निभाते हैं। ये मंडी सिर्फ खरीदारी का केंद्र नहीं, बल्कि नीमच की सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक सहयोग की ऐसी मिसाल है, जिसे नई पीढ़ी भी आगे बढ़ा रही है।