
पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर बैठे शोकाकुल, मृतक ईशान (फोटो सोर्स: Patrika)
Neemuch News :मध्य प्रदेश के नीमच में दिवाली की रात दो गुटों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। 20 से ज्यादा लोगों के बीच हुए गैंगवार में भाजपा नेता के बेटे की मौत हो गई है। दरअसल, कैंट थाना इलाके के फोरलेन स्थित भड़भड़िया चौराहे के 'हाईवे 24x7' (MP-24) कैफे पर 20 से ज्यादा युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक युवक पर गाड़ी चढ़ाकर कुचलने की कोशिश किए जाने की भी बात सामने आई है।
इस मारपीट में भाजपा नेता मनीष चौरसिया के बेटे ईशान चौरसिया की जिला अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, दोनों पक्षों के चार अन्य युवक घायल हुए हैं। इनमें दूसरे पक्ष का रवि गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज कर 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। एसपी राजेश व्यास ने कैंट थाने पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू ईशान की मौत से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत चंगेरा मंडी से हुई थी, जो बाद में भड़भड़िया चौराहे स्थित कैफे तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को थाने लेकर आई। बताया जा रहा है कि ईशान थाने में शुरुआती कागजी कार्रवाई और बयान के दौरान होश में था। इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। यहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
आशंका जताई जा रही है कि, मारपीट के दौरान ईशान के कान के नीचे गंभीर अंदरूनी चोट आई थी। हालांकि, उसकी मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस भी फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
इस संघर्ष में दोनों पक्षों के युवक घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष के रवि की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है। वहीं, ईशान के पक्ष से घायल 3 अन्य युवकों का नीमच जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
-मेघ जैन: पिता राकेश 'पप्पू' जैन, निवासी विकास नगर, नीमच। वह पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राकेश जैन के बेटे हैं।
-निहाल शर्मा (20): पिता रवि शर्मा, निवासी नीमच सिटी।
-रुद्राक्ष/रुद्रांश (25): पिता राजेश, निवासी वीर पार्क रोड, नीमच।
ईशान की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। एसपी राजेश व्यास स्वयं कैंट थाने पहुंचे और अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मामले में हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीएसपी अनुराधा अग्रवाल के अनुसार, ईशान की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और तलाश में जुटी है। इसके लिए कैफे और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
भाजपा नेता के बेटे की मौत की खबर फैलते ही जिला अस्पताल परिसर में परिजन और समर्थकों की भीड़ जुट गई। देर रात से सुबह तक अस्पताल और पुलिस सहायता केंद्र के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा रहा। नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार और भाजपा नेता महेंद्र 'बबलू' भटनागर समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस घटना के बाद हाईवे पर देर रात तक चलने वाले होटल, ढाबों और कैफे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि, भाटखेड़ा फंटे से लेकर नयागांव टोल तक फोरलेन पर कई होटल, ढाबे और कैफे देर रात तक खुले रहते हैं। आरोप है कि, इनमें से कुछ स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी रहता है। कैंट और नीमच सिटी थाना क्षेत्रों की सीमा के आसपास संचालित इन प्रतिष्ठानों पर पुलिस की निगरानी और रात्रि गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि, ऐसे स्थानों पर नियमित जांच और सख्ती जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
9 Nov 2026, 12:01 PM IST
Published on:
9 Nov 2026, 11:57 AM IST
बड़ी खबरें
View Allनीमच
मध्य प्रदेश न्यूज़




