शाम होते ही सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे बप्पा का अशीर्वाद लेने
नीमच. गणपति ग्रुप ने इस बार गणेशोत्सव को और भव्यता प्रदान की है। इस वर्ष दशहरा मैदान पर भगवान गणपति का विशाल पंडाल सजाया गया है। मालवा के राजा के रूप में बाबा केदारनाथ मंदिर को भव्य व आकर्षक रूप से बनाया गया है। इसी प्रकार विजय टॉकीज चौराहा और लायंस पार्क के समीप भी विशाल पंडाल में गणपति स्थापना की गई है। प्रतिदिन सैंकड़ों की संख्या में भक्त गणपति बप्पा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।
दशहरा मैदान मेें बनाए गए विशाल पांडाल में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही निजी सुरक्षाकर्मी की भी तैनात गए हैं। यहां मुंबई के श्रेष्ठ कलाकारों ने विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की करीब साढ़े 16 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण किया है। यह प्रतिमा नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। 23 सितंबर को पंडाल में सुन्दरकांड पाठ का आयोजन रखा गया है। रविवार को गुरुकुल के 21 पंडे गणपति अथर्वशीर्ष का 501 बार पाठ करेंंगे। इस दौरान पूरे पंडाल को श्रीफल (नारियल) से सजाया जाएगा। पंडाल में शोभित सभी श्रीफल को गणपति अथर्वशीर्ष पाठ से सिद्ध किया जाएगा। इसके बाद सिद्ध श्रीफल को अगले दिन वितरित किया जाएगा। सोमवार को सांवरिया सेठ का दरबार सजेगा। इस दौरान किलकारी के मूक बधिर बच्चे प्रशासनिक अधिकारी की उपस्थिति में साक्षी बनेंगे। मंगलवार को ताली कीर्तन होगा। बावड़ी वाले बालाजी स्थित श्याम मंदिर भक्त मंडल मधुर भजनों पर ताली कीर्तन की शानदार प्रस्तुति देगा। बुधवार को वाराणसी के पंडे मंत्रोच्चारण के साथ गंगा आरती करेंगे। गुरुवार को मालवा के राजा को महाभोग लगाकर महाआरती की जाएगी। इसके अलावा प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान मुख्य आकर्षण श्रद्धालुओं के भगवान गणेश को चढ़ाए जाने लड्डू भी है। यहां देशी घी से निर्मित लड्डू मात्र 211 रुपए में भगवान गणेश को भोग लगाने के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं।