23 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तीन दिन से खुला पड़ा गहरा गड्ढा, बन रहा हादसों की वजह

मरम्मत कार्य अधूरा होने के बावजूद न तो गड्ढे के आसपास सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं और न ही यातायात को अन्य मार्ग पर मोडऩे के लिए कोई संकेतक लगाए गए हैं। ऐसे में दिनभर व्यस्त रहने वाले इस मार्ग पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

2 min read
Google source verification

नीमच

image

Mukesh Sharaiya

May 23, 2026

Neemuch Breaking News

तीन दिन से खुला पड़ा गहरा गड्ढा, बन रहा हादसों की वजह जान लेवा गड्ढा को लेकर लापरवाह बना नगर परिषद प्रशासन

नीमच/अठाना. नगर परिषद की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर के मध्य स्थित मुख्य सडक़ मार्ग पर पाइपलाइन मरम्मत के लिए लगभग तीन दिन पूर्व खोदा गया बड़ा गहरा गड्ढा आज भी खुला पड़ा है।

मरम्मत कार्य अधूरा होने के बावजूद न तो गड्ढे के आसपास सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं और न ही यातायात को अन्य मार्ग पर मोडऩे के लिए कोई संकेतक लगाए गए हैं। ऐसे में दिनभर व्यस्त रहने वाले इस मार्ग पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

अनुभवहीन कर्मचारी कर रहे कार्य
नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद कार्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित इस गड्ढे की ओर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं जाना आश्चर्यजनक है। रात्रि के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पर्याप्त चेतावनी संकेत अथवा प्रकाश व्यवस्था के अभाव में वाहन चालक एवं राहगीर सीधे खतरे के मुहाने पर पहुंच जाते हैं। नागरिकों का आरोप है कि परिषद शायद किसी बड़ी दुर्घटना या जनहानि के बाद ही जागेगी। जानकारी के अनुसार पाइपलाइन मरम्मत कार्य के लिए कोई प्रशिक्षित मिस्त्री अथवा तकनीकी कर्मचारी मौके पर उपलब्ध नहीं है। केवल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के भरोसे कार्य कराया जा रहा है। बताया जा रहा है इन कर्मचारियों के पास इस प्रकार के कार्य का पर्याप्त अनुभव नहीं है। परिणाम स्वरूप मरम्मत कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। तीसरे दिन भी कार्य पूरा नहीं हो सका है।


हादसा रोकने किए जाएं इंतजाम
नगरवासियों में इस लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है। ऐसे में अब लोग शिकायत करना भी छोड़ चुके हैं। नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने मांग की है कि पाइपलाइन मरम्मत कार्य को तत्काल पूरा कर सडक़ को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। साथ ही जब तक कार्य पूर्ण नहीं हो, तब तक सुरक्षा बैरिकेड्स, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड एवं यातायात डायवर्जन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी निर्दोष नागरिक की जान जोखिम में न पड़े। नगरवासियों का कहना है कि विकास कार्यों का उद्देश्य जनता को सुविधा देना होता है। यदि कार्यों में लापरवाही बरती जाए तो वही विकास कार्य आमजन के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।