
एक्सपायरी व अमानक खाद्य सामग्री, घरेलू गैस सिलेंडर मिलने पर दुकान सील, एक क्विंटल से अधिक मावा जप्त
नीमच. नीमच में रतन स्वीट्स एंड बेकरी का औचक निरीक्षण एवं जांच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार गुरुवार को खाद्य विभाग, नगरपालिका एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा की।
इस जांच के दौरान प्रतिष्ठान में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी एवं अमानक खाद्य सामग्री मिली, जिसमें मावा, आइसक्रीम, ब्रेड, मिठाइयां एवं आचार शामिल थे। इन सामग्रियों को ग्राहकों को बेचा जा रहा था। साथ ही दुकान के भीतर चारों ओर गंदगी तथा बेहद खराब स्वच्छता व्यवस्था पाई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन द्वारा की गई इस जांच कार्रवाई में व्यावसायिक उपयोग में घरेलू गैस सिलेंडर भी पाया गया, जिसे जप्त किया गया।
7 नमूने मानक स्तर की जांच के लिए
कार्रवाई के दौरान टीम ने मावा, सिका मावा, पेड़ा, चॉकलेट बर्फी, ब्रेड पैक, गुलाब जामुन, पाव पैक एवं क्रीम के कुल 7 नमूने मानक स्तर की जांच हेतु लिए गए। एक क्विंटल से अधिक मावा जप्त किया गया। ब्रेड और पाव के पैकेटों पर नियमानुसार कोई भी जानकारी अंकित नहीं पाई गई, जो लेबलिंग नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
टीम ने तत्काल दुकान को सील कर दिया
गंभीर अनियमितताएं एवं जन स्वास्थ्य के लिए खतरा पाए जाने पर अधिकारियों की टीम ने तत्काल दुकान को सील कर दिया है। संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार संजय मालवीय, सीएमओ दुर्गा बामनिया, कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत शर्मा सहित नगरपालिका और राजस्व विभाग की टीम मौजूद थी।
गंभीर अनियमितताएं
एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। निरीक्षण में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी और अमानक खाद्य सामग्री पाई गई है। मौके पर गंभीर अनियमितताएं और अस्वच्छता मिलने के कारण प्रतिष्ठान को तत्काल सील किया गया है। आगे भी शहर में ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सीएमओ नीमच दुर्गा बामनिया ने कहा कि नगरपालिका की स्वास्थ्य टीम के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की बेहद खराब स्थिति पाई। खाद्य सामग्री अत्यंत अस्वच्छ वातावरण में रखी गई थी। इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता को लेकर सख्ती से निगरानी की जा रही है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि जिले में कहीं भी जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण सतत जारी रहेगा एवं नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
15 May 2026 10:55 pm
Published on:
15 May 2026 10:54 pm
बड़ी खबरें
View Allनीमच
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
