पत्नी सहित गांव में निर्वस्त्र कर घुमाने की दी थी धमकी तो फांसी पर लटक गया
नीमच. नीमच सिटी थाने के ग्राम पिपलोन निवासी एक युवक ने मात्र 8 हजार रुपए उसने ब्याज पर लिए थे और उसके करीब 3 लाख रुपए ब्याज के रूप में दे चुका है। फिर भी सूदखोर उसके साथ मारपीट करता था। आत्महत्या करने से पहले उसने पूरी व्यथा कागज पर लिखने के साथ उसकी वीडियो भी बनाई थी।
यहां पढ़ें उसने अपने सुसाईड नोट में क्या लिखा था
27 दिसंबर 18 ग्राम पिपलोन निवासी श्रवण पिता बाबूलाल नागदा ने अपने घर पर सुबह 10.30 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के चार दिन बाद श्रवण द्वारा आत्महत्या से पहले लिखा सुसाइड नोट और अपने साथ बीती पूरी घटना को लेकर बनाया गया करीब एक घंटे का वीडियो पुलिस के हाथ लगा है। अपने 5 पन्नों के सुसाइड नोट में पिपलोन निवासी श्रवण नागदा ने लिखा है कि मैंने पप्पू पिता राधेश्याम पंडित से 2015 में 8 हजार रुपए लिए थे। हर महीने 2 हजार रुपए ब्याज देता था। समय पर ब्याज नहीं दे सका तो एक हजार की पेनल्टी एक दिन की लगती थी। मजबूरी थी देता था। 8 हजार रुपए के करीबन अब तक 2 से 3 लाख रुपए दे चुका हूं। और 8 हजार रुपए के बदले 47 हजार रुपए का प्रामेसरी और 15 हजार रुपए का प्रामेसरी नोट लिखकर दे रखा है। अभी तीन-चार महीने से पूरा रुपया मांगा था। नहीं दे पया तो एक हजार रुपए की रोज पेनल्टी देना पड़ रही है। नहीं देने पर रात को 11 बजे, 12 बजे तक उसके खेत पर बैठाकर रखता था और फिर घर जाने की बोलता था। एक हजार रुपए की पेनल्टी देने के बाद भी मूलधन में जमा नहीं करता था। 15 हजार का 6 हजार रुपए महीना और 47 हजार का 12 हजार रुपए महीना है। कुछ बोलता तो गाली गलोच करता और मारता पीटता था। इसके चक्कर में परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो गई। कर्ज में डूबत गया। परिवार परेशान। मैं परेशान। किसी से बोलने का भी नहीं। लोग हंसते। कोई एक रुपया भी उधार नहीं देता। पुलिस को रिपोर्ट करता तो पप्पू पंडित उर्फ हरिशंकर पिता राधेश्याम पंडित रेवली देवलीवाला पैसे वाला है। उसकी चलती है। इस तरह की बातें श्रवण ने अपने 5 पन्नों के सुसाइड नोट में लिखी है। उसने कुछ अन्य लोगों के नाम भी अपने पत्र में लिखे हैं जिन्होंने पप्पू पंडित से पैसे ले रखे हैं। पत्र के चौथे पन्ने पर श्रवण ने लिखा है कि मैने जो लिखा है यह सत्य है। कोई गलत नहीं लिखा। यह मैने अपने होशो हवास में लिखा है। यह इसलिए लिखना पड़ा क्योंकि मुझे इन लोगों ने धमकी दी थी कि 30 दिसंबर 18 तक रुपया नहीं मिला तो मकान के ताला लगाकरनिर्वस्त्र करके गांव में घुमाएंगे। इस डर से मैंने बीबी बच्चों को ससुराल भेज दिया। श्रवण ने अपने पत्र में हस्ताक्षर कर बताया कि उसने जो इलाहबाद बैंक के 12500 और 25000 रुपए के खाली चेक पप्पू पंडित को दिए हैं उनपर इस तरह के हस्ताक्षर हैं। अपने सुसाइड नोट के पांचवे पन्ने पर श्रवण ने लिखा है कि मैंने अपनी बीबी बच्चों को ससुराल इसलिए भेजना पड़ा कि इन लेागों ने धमकी दी थी कि दोनों पति पत्नी को घर से बाहर निकालकर निर्वस्त्र घुमाएंगे। मेरी पत्नी की रकम मंगलसूत्र, पायजेब भी इन लोगों के पास है। अंतिम लाइन में श्रवण ने लिखा है कि यह कथन सत्य है। अन्त समय में गलत नहीं लिखूंगा। श्रवण कुमार नागदा।
पत्र जांच के लिए भेजा जाएगा भोपाल
सोमवार को श्रवण के परिजन नीमच सिटी थाने पहुंचे थे। उन्होंने थाने पर टीआई से मुलाकात की थी। श्रवण ने जो अपनी आपबीती का मोबाइल पर करीब एक घंटे का वीडियो भी बनाया उसे और सुसाइड नोट को साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंपा है। पत्र में लिखी हैंडराइटिंग की जांच के लिए पुलिस इसे एक्सपर्ट के पास भोपाल भेजेगी। प्रारंभिक तौर पर पुलिस भी यह मान रही है कि श्रवण ने अवैधानिक रूप से हो रही ब्याज वसूली से परेशान होकर ही आत्महत्या की है। टीआई का कहना है कि जल्द ही इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुख्ता साक्ष्य लगे हैं हाथ
श्रवण के परिजन आज आए थे। उन्होंने श्रवण द्वारा आत्महत्या से पहले लिखे पत्र और बनाए वीडियो के बारे में जानकारी दी है। पत्र की हेंडराइटिंग की जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा। एक्सपर्ट की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभ तौर पर देखा जाए तो इतने साक्ष्य तो मिल ही गए हैं जिससे श्रवण का आत्महत्या के लिए प्रेरित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। मंगलवार को श्रवण परिजनों से साक्ष्य के मूल प्रमाण मंगवाए हैं। इसके बाद जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- संदीपसिंह तोमर, थाना प्रभारी नीमच सिटी