नीमच

यहां हुआ कुछ ऐसा कि ग्रामीणों ने करना पड़ गया चक्काजाम

ग्राम कनावटी में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, ग्रामीणों ने चककाजाम कर बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन, गांव की पेयजल व्यवस्था एकमात्र ट्यूबवेल पर निर्भर

2 min read
May 23, 2026
ग्राम कनावटी में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती, ग्रामीणों ने चककाजाम कर बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन,

नीमच. जिला मुख्यालय से लगे ग्राम कनावटी में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार दोपहर फूट पड़ा। इस गांव के मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों ने चककाजाम कर बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों के साथ सरपंच भी उतरे सडक़ पर
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग उठाई। ग्रामीणों के साथ ग्राम सरपंच सोनू सेन भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि गांव में लगातार बिजली की कटौती जारी है। दिन हो या रात, बिना किसी सूचना के कई कई बार बिजली बंद हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें

इस योजना से ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार का संबल

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती
सरपंच ने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी के अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। गांव की पेयजल व्यवस्था एकमात्र ट्यूबवेल पर निर्भर है, जो बिजली बंद रहने के कारण समय पर संचालित नहीं हो पा रहा। इससे गांव में पानी का संकट गहराने लगा है।

महिलाएं व बच्चे अधिक प्रभावित
महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी मनमाने ढंग से बिजली कटौती कर रही है। कटौती का कोई निर्धारित समय भी नहीं है। अचानक बिजली बंद होने से घरेलू कामकाज, खेती और छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

पुलिस पहुंची मौके पर
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए ग्रामीणों को समझाइश दी। पुलिस प्रशासन ने बिजली विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन ग्रामीणों में बिजली व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

ये भी पढ़ें

रतन स्वीट्स एंड बेकरी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
Updated on:
23 May 2026 02:34 pm
Published on:
23 May 2026 02:33 pm
Also Read
View All