Raghav Chadha: AAP और राघव चड्ढा के बीच टकराव तेज हो गया है। ‘चुप कराने’ वाले बयान पर पार्टी ने पलटवार करते हुए उनकी निष्ठा पर सवाल उठाए और पूछा कि वे मोदी सरकार से सवाल क्यों नहीं करते।
Raghav Chadha vs AAP: आम आदमी पार्टी (AAP) और राघव चड्ढा के बीच जारी जुबानी जंग अब और तेज हो गई है। हाल ही में राघव चड्ढा द्वारा पार्टी नेतृत्व पर दिए गए 'चुप कराने' वाले बयान पर पलटवार करते हुए 'आप' ने तीखा हमला बोला है। पार्टी ने चड्ढा की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए सीधा तंज कसा है कि जो नेता अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं, वे असल मुद्दों पर 'प्रधानमंत्री मोदी से सवाल क्यों नहीं करते?'। इस पलटवार ने साफ कर दिया है कि राघव और पार्टी के बीच सुलह की गुंजाइश अब लगभग खत्म हो चुकी है और यह लड़ाई अब व्यक्तिगत स्तर तक पहुंच गई है।
आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद उनकी चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। एक वीडियो संदेश के जरिए आतिशी ने कहा कि आखिर वह बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सवाल उठाने से क्यों डर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश इस समय बड़े संकट से गुजर रहा है, संविधान खतरे में है, चुनाव आयोग का दुरुपयोग हो रहा है और पश्चिम बंगाल चुनाव में गड़बड़ी की जा रही है। यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब राघव चड्ढा ने खुद को 'साइलेंस किया गया' बताते हुए वीडियो जारी किया था।
आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी का नियमित कामकाज है और ऐसे फैसले संगठन के भीतर लिए जाते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राघव चड्ढा को क्या बयान देना है, यह पूरी तरह उनका व्यक्तिगत निर्णय है।
आम आदमी पार्टी द्वारा उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर कहा कि उन्हें 'खामोश किया गया है, हराया नहीं।' उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनता के मुद्दे उठाना अपराध है और कहा कि वे हमेशा आम लोगों की समस्याओं पर ही बोलते हैं। साथ ही उन्होंने समर्थकों से साथ देने की अपील की और चेतावनी दी कि उनकी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए।