
हिस्ट्रीशीटर को गोली मारते बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज
Ghaziabad : दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गुरुवार रात गैंगवार की आशंका और पुरानी रंजिश के चलते सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सीकरी कला गांव के पास एक ढाबे के सामने घात लगाए बैठे हमलावरों ने कार सवार हिस्ट्रीशीटर राहुल उर्फ कालू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में राहुल को पेट, गले और सीने में चार गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत में उसे गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
मूल रूप से मोदीनगर के बेगमाबाद गांव का निवासी राहुल उर्फ कालू गुरुवार रात अपनी कार से गाजियाबाद की ओर जा रहा था। रास्ते में वह सीकरी कला स्थित स्वागत होटल (ढाबा) पर किसी से मिलने के लिए रुका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां पहले से मौजूद कुछ युवक राहुल से बात करने लगे। बातचीत के दौरान ही अचानक उन्होंने असलहे निकाल लिए और राहुल पर गोलियों की बौछार कर दी।
हमले की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चार गोलियां लगने और लहूलुहान होने के बावजूद राहुल ने हिम्मत नहीं हारी। वह खुद कार चलाकर मौके से निकल गया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा। फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।
राहुल उर्फ कालू का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा रहा है। वह अपने ही सगे भाई की हत्या के मामले में पहले जेल जा चुका है। इसके अलावा करीब पांच महीने पहले मोदीनगर पुलिस ने उसे जिला पंचायत सदस्य के पुत्र और रालोद के जिला उपाध्यक्ष रवि वाल्मीकि से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था। वहीं, आपराधिक पृष्ठभूमि के बावजूद वह राजनीति में भी सक्रिय होने की कोशिश कर रहा था और एक किसान संगठन के जिला अध्यक्ष के रूप में अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटा था।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि अभी तक मामले में कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस हमले को राहुल की पुरानी रंजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि से जोड़कर देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि जमानत पर बाहर आने के बाद विरोधी गुट ने उसे रास्ते से हटाने के लिए यह हमला किया है।
Published on:
03 Apr 2026 12:45 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
