नई दिल्ली

दलित नेता गौतम को यूपी का प्रभार, युवा नेता श्रीनिवास के कंधों पर सेवादल का भार

कांग्रेस ने संगठन में अहम फेरबदल करते हुए चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दलित चेहरे राजेंद्र पाल गौतम को सौंपी है, जबकि युवा नेता बी.वी. श्रीनिवास को कांग्रेस सेवादल का मुख्य आयोजक बनाया गया है
less than 1 minute read
Convress party

नई दिल्ली। कांग्रेस ने संगठन में अहम फेरबदल करते हुए चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दलित चेहरे राजेंद्र पाल गौतम को सौंपी है, जबकि युवा नेता बी.वी. श्रीनिवास को कांग्रेस सेवादल का मुख्य आयोजक बनाया गया है। इसके अलावा हरियाणा और ओडिशा के लिए भी नए एआईसीसी प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इन बदलावों को पार्टी की चुनावी और संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

दरअसल, पिछले कई दिनों से कांग्रेस संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद चल रही थी। इसके पहले चरण में कांग्रेस ने शुक्रवार को कांग्रेस एससी विभाग के चेयरमैन राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बना दिया। जबकि संजय दत्त को हरियाणा और लालजी देसाई को ओडिशा प्रभारी बनाया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। सबसे अधिक चर्चा उत्तर प्रदेश में गौतम की नियुक्ति को लेकर है। गौतम दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके हैं और दलित समाज में उनकी पहचान है। पिछले दिनों वे बसपा प्रमुख मायावती से मिलने उनके घर पहुंच गए थे।

दलित वोटो पर नजर

माना जा रहा है कि कांग्रेस सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति के तहत यह दांव खेल रही है।

युवाओं को सेवादल से जोड़ने की चुनौती

दरअसल, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहते हुए बी.वी. श्रीनिवास ने युवा कांग्रेस को नई पहचान दी। कोरोना के समय सामाजिक कार्यों के चलते बड़ी संख्या में युवा उनसे जुड़े। पिछले कुछ दिनों से श्रीनिवास कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव के पद पर रहते हुए गुजरात के सह प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। अब कांग्रेस सेवादल का मुख्य संगठक बनाकर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। सेवादल पार्टी का सबसे पुराना कैडर संगठन है, जिसकी जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और संगठन विस्तार की होती है। श्रीनिवास के सामने सबसे बड़ी चुनौती सेवादल से युवाओं के जोड़ने की है।

Published on:
27 Jun 2026 09:55 am