Deepa Murder Case: दिल्ली में दीपा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बताया कि दीपा का पति पेशे से कैब चालक है। उसी ने दीपा की हत्या कर शव बेड बॉक्स में छिपाया और फरार हो गया था। आरोपी ने हत्या की वजह बताई है।
Deepa Murder Case: नए साल पर पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी क्षेत्र में एक 24 साल की महिला के हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। महिला का शव उसी के घर में बेड बॉक्स के अंदर पाया गया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार किया है। वह भागने की फिराक में था। पुलिस ने बताया कि 24 साल की महिला का शव उसी के घर में बेड बॉक्स के अंदर मिला था। जबकि कमरे के बाहर ताला लगा था। महिला की पहचान दीपा के रूप में हुई थी। दीपा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
डीसीपी द्वारका अंकित सिंह ने बताया कि एक सप्ताह पहले की है। दीपा की मां ने पुलिस को फोन कर बताया कि उनकी बेटी के घर से बदबू आ रही है। जबकि घर पर बाहर से ताला लगा हुआ है। इस सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। इस दौरान दीपा की मां ने पुलिस को बताया कि दीपा का मोबाइल 29 दिसंबर से ही बंद जा रहा है। जबकि उसके दामाद धनराज का कुछ पता नहीं चल रहा है। दीपा और धनराज की शादी पांच साल पहले हुई थी। उनके एक दो साल का बच्चा है। जो फिलहाल अपने मामा के साथ रहता है। इसपर पुलिस ने दीपा के घर का ताला तोड़कर कमरे की तलाशी ली। इस दौरान बेड बॉक्स के अंदर उसका शव बरामद हुआ। जो सड़ी-गली हालत में था। पुलिस का कहना था कि हत्या लगभग 72 घंटे पहले की गई होगी।
डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि किराए के कमरे में दीपा का शव मिलने पर पड़ोस में ही रहने वाली दीपा की मां दहाड़ें मारकर रोने लगी। आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला। मृतका दीपा की मां ने पुलिस को बताया कि 29 दिसंबर से दीपा का मोबाइल बंद जा रहा है। इसके साथ ही उसका पति धनराज भी घर पर नहीं है। ऐसे में वह दीपा के घर में पाले गए तोतों को रोज खाना खिलाने आती थी। चार जनवरी यानी शनिवार को भी वह तोतों को खाना खिलाने आई थी। इस दौरान दीपा के घर के अंदर से बदबू आती देख उसे अनहोनी की आशंका हो गई। इसके बाद उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस का कहना है कि मां की बातें सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने घर का ताला तोड़ा और कमरों की तलाशी शुरू की। इसपर दीपा के बेडरूम में बेड बॉक्स के अंदर उसका शव मिला। दीपा के मुंह पर टेप चिपका था। जबकि गले में निशान पाए गए। शव की हालत बहुत खराब हो चुकी है। शव देखने से तीन दिन पुराना लग रहा था। यानी पुलिस को प्रथम दृष्टया लग रहा था कि दीपा की हत्या शव मिलने से 72 घंटे पहले यानी 1 जनवरी को की गई थी। तभी से उसका पति धनराज भी घर में ताला लगाकर फरार था।
डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि दीपा के शव की हालत और घर में ताला लगा देख पुलिस का शक उसके पति पर गहरा गया। दीपा का पति धनराज पेशे से कैब चालक है। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज जांच तेज की। सोमवार को दीपा के पति धनराज को पुलिस ने हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार कर लिया। वह कहीं और भागने की फिराक में था। पूछताछ में धनराज ने बताया कि उनने ही अपनी पत्नी की हत्या की है, क्योंकि उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है।
धनराज ने पुलिस पूछताछ में बताया “दीपा का डिलीवरी ऐप पर काम करने वाले एक 28 साल के लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बारे में दीपा से बात करने पर हमारी लड़ाई हो गई। इसपर मैंने पहले दीपा के मुंह पर टेप लगाया फिर उसका गला घोट दिया। मैं दीपा को जान से मारना नहीं चाहता था, बल्कि थोड़ा सख्ती कर उसे डराना चाहता था, लेकिन हाथापाई के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मैंने दीपा के शव को बेडबॉक्स के अंदर बंद किया और घर पर ताला लगाकर डर के चलते अपने दोस्त के घर चला गया।”
डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि दीपा की हत्या करने के बाद आरोपी धनराज अपने दोस्त के घर गया। जहां शराब के नशे में उसने अपनी पत्नी की हत्या वाली बात बता दी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान धनराज के दोस्त से पूछताछ की तो उसने सारी बात पुलिस को बता दी। इधर, जब धनराज को पता चला कि पुलिस ने उसके दोस्त से हत्या के मामले में पूछताछ की है तो उसने अपने दूसरे दोस्त से संपर्क किया और भागने के लिए उसकी मदद मांगी। इसके बाद पुलिस ने हरियाणा के करनाल से धनराज को गिरफ्तार कर लिया।