
Delhi Latest News: दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीमों ने मलबे से घायल को बाहर निकाला। घटना को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निर्माण कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और नगर निगम के दो इंजीनियरों को निलंबित करने की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, हादसे वाली इमारत भूतल के अलावा दो मंजिल की थी। इसके गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती कार्रवाई के तहत नगर निगम ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) और असिस्टेंट इंजीनियर (एई) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
रेखा गुप्ता ने बताया कि इमारत का निर्माण जिस ठेकेदार की देखरेख में हो रहा था, उसने जरूरी सुरक्षा इंतजामों का ध्यान नहीं रखा। इसी लापरवाही को देखते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मकान या इमारत बनाते समय सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज करना लोगों की जान के लिए खतरा बन सकता है।
उन्होंने साफ किया कि निर्माण कार्य में लापरवाही करने वालों के साथ-साथ ऐसी अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। किसी अधिकारी ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई और सुरक्षा से जुड़ी चूक को नजरअंदाज किया, तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने लोगों से मकान बनवाते समय सुरक्षा के नियमों का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग निर्माण के दौरान जरूरी सावधानियों को नजरअंदाज कर देते हैं। इसका खामियाजा गंभीर हादसे के रूप में भुगतना पड़ सकता है। लिहाजा, निर्माण कार्य में सुरक्षा के तय नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
चावड़ी बाजार दिल्ली के पुराने और घनी आबादी वाले इलाकों में शामिल है। यहां गलियां काफी संकरी हैं और आसपास बड़ी संख्या में दुकानें व मकान बने हुए हैं। ऐसे में किसी इमारत के गिरने पर राहत और बचाव कार्य करना भी आसान नहीं होता। हादसे के बाद पुलिस, नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर जुटी रहीं।
इस घटना ने एक बार फिर पुराने बाजारों में इमारतों की सुरक्षा और निर्माण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो लोगों की जान जाने के बाद प्रशासन ने ठेकेदार और संबंधित इंजीनियरों पर कार्रवाई की है। अब इस मामले में जिम्मेदारी तय करने के साथ ऐसी घटनाओं को रोकना भी बड़ी चुनौती है।