नई दिल्ली

Chhath Puja: 23 साल पुरानी परंपरा पर हाईकोर्ट की रोक, दिल्ली के इस पार्क में नहीं होगी छठ पूजा

Chhath Puja Permission: दिल्ली हाईकोर्ट ने नारायणा गांव के चिंटू पार्क में छठ पूजा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यहां पिछले 23 साल से पूजा हो रही थी। अदालत ने पार्क को हरित क्षेत्र बनाए रखने की जरूरत बताते हुए याचिका खारिज कर दी।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 11:52 AM IST
Chhath Puja Permission
दिल्ली के चिंटू पार्क में छठ पूजा के आयोजन की अनुमति देने से हाईकोर्ट का इनकार। (फाइल फोटो-ANI)

Delhi Chhath Puja News: दिल्ली के नारायणा गांव स्थित चिंटू पार्क में इस साल छठ पूजा नहीं होगी। यहां पिछले 23 साल से पूजा का आयोजन किया जा रहा था, लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट ने इस बार इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया है। अदालत का कहना है कि लंबे समय से किसी पार्क में धार्मिक आयोजन होने से वहां हर बार पूजा करने का अधिकार नहीं मिल जाता। पार्क आम लोगों के इस्तेमाल और हरियाली बनाए रखने के लिए होते हैं।

दरअसल, ललित आनंद ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर 15 नवंबर की शाम और 16 नवंबर की सुबह छठ पूजा करने की अनुमति मांगी थी। इसके लिए उन्होंने पार्क में करीब 1,000 वर्ग मीटर जगह देने की मांग की थी। उनका कहना था कि यहां 23 साल से छठ पूजा होती आ रही है। उन्होंने यह भरोसा भी दिया था कि पूजा खत्म होने के बाद पार्क को पहले जैसी स्थिति में कर दिया जाएगा।

DDA ने किया पूजा की अनुमति का विरोध

दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने याचिका का विरोध करते हुए कहा कि चिंटू पार्क को हरियाली के लिए सुरक्षित रखा गया है। यहां पेड़-पौधे और फूल लगाए गए हैं। अगर पार्क में बड़ा धार्मिक आयोजन होता है तो इससे हरियाली और पार्क के रखरखाव को नुकसान पहुंच सकता है।

सरकारी सूची में नाम होने का तर्क भी नहीं आया काम

ललित आनंद ने अदालत को एक सरकारी दस्तावेज भी दिखाया था। इसमें चिंटू पार्क को छठ पूजा के आयोजन स्थलों की सूची में शामिल किया गया था। हालांकि, हाईकोर्ट ने साफ कहा कि किसी सरकारी विभाग की सूची अदालत के पहले दिए गए आदेश को बदल नहीं सकती।

न्यायमूर्ति जसमीट सिंह ने कहा कि पुरानी परंपरा या कुछ समय के लिए सीमित जगह मांगने से पार्क में आयोजन की अनुमति नहीं दी जा सकती। अदालत ने यह भी ध्यान में रखा कि दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के लिए मुनक नहर के पास अलग जगह तय की है और वहां आयोजन के इंतजाम किए गए हैं।

हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका

अदालत के मुताबिक, जब छठ पूजा के लिए दूसरी जगह उपलब्ध है तो चिंटू पार्क के हरित क्षेत्र का इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने ललित आनंद की याचिका खारिज कर दी। इसके साथ ही साफ हो गया कि इस साल नारायणा गांव के चिंटू पार्क में छठ पूजा का आयोजन नहीं होगा।

Updated on:
14 Nov 2026, 11:52 AM IST
Published on: