IMD Rainfall: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने इसके लिए डबल अलर्ट जारी किया है।
IMD Rainfall: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक बार फिर से ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लेटेस्ट अपडेट में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए हैं। मौसम विभाग की मानें तो तेज हवाओं के साथ कई जगह बूंदाबांदी भी हुई है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर के शहरों में आंधी तूफान और बारिश की संभावना जताई है। साथ ही दिल्ली एनसीआर में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
IMD वैज्ञानिक सोमा सेन ने कहा "एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के ऊपर से गुजर रहा है। यह प्रणाली कमजोर पड़ रही है, लेकिन उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में मध्यम गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। जबकि उत्तराखंड में आंधी-तूफान और सामान्य बारिश हो सकती है। 3 मार्च के आसपास फिर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।"
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अगले दो दिनों में आंधी-तूफान आने की संभावना भी जताई गई है। जबकि शुक्रवार को दिल्ली में सुबह से ही बादल छा गए थे। इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई थी। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 5.9 डिग्री ज्यादा है। अब मौसम विभाग ने गाजियाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि गौतम बुद्ध नगर में मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली-एनसीआर के शहरों में एक और दो मार्च को आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। वहीं बात अगर दिल्ली की करें तो एक और दो मार्च को दिल्ली में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री नीचे गिर सकता है। जिससे दिल्लीवासियों को एक बार फिर ठंड का अहसास हो सकता है। इसी के साथ दिल्ली में इस दिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में आंधी तूफान के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है। जबकि 2 मार्च को भी तापमान में कुछ खास बदलाव नहीं दिखेगा। दिन में धुंध छाई रहेगी।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह की मानें तो दिल्ली-एनसीआर में तीन मार्च को भी धुंध छाई रहेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं बात अगर चार और पांच मार्च की करें तो दिल्ली में दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है। जबकि 4 मार्च को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं पांच मार्च को यह 14 डिग्री और 26 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद 6 मार्च को भी न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री के दर्ज किया जा सकता है।