Delhi Budget Session 2026: दिल्ली विधानसभा बजट सत्र 2026 की शुरुआत। CM रेखा गुप्ता ने खीर खिलाकर किया सत्र का आगाज। AAP का बहिष्कार का एलान और भाजपा का निंदा प्रस्ताव।
Delhi Budget Session 2026: दिल्ली विधानसभा का बहुप्रतीक्षित बजट सत्र आज एक अनूठी और मिठास भरी परंपरा 'खीर सेरेमनी' के साथ शुरू हो गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद अपने हाथों से खीर तैयार की और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों को खिलाकर इस सत्र की औपचारिक शुरुआत की। भाजपा सरकार का यह दूसरा बजट है, जिसे लेकर राजधानी के गलियारों में काफी उत्साह और राजनीतिक हलचल देखी जा रही है।
बजट सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समावेशी विकास का संदेश देते हुए स्कूली छात्राओं, किसानों, किन्नर समुदाय, डॉक्टरों और गिग वर्कर्स को अपने हाथों से बनी खीर खिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 'दिल्ली को हर दिन बेहतर बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वित्त विभाग के अधिकारियों ने इस बजट को तैयार करने में जो कड़ी मेहनत की है, मैं उनका धन्यवाद करती हूँ। यह बजट दिल्ली की स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण, छात्रों और महिलाओं के सशक्तिकरण की नई रूपरेखा पेश करेगा।'
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह दिल्ली की भाजपा सरकार का दूसरा बजट है, जो विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी सरकार ने दिल्ली को एक सही 'दिशा' दी है और अब इस बजट के माध्यम से दिल्ली की 'दशा' बदली जाएगी। सत्र के दौरान आज सदन में दिल्ली की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट (Economic Survey Report) पेश किए जाने की प्रबल संभावना है।
जहा सत्ता पक्ष विकास के दावों के साथ सदन में है, वहीं मुख्य विपक्षी दल आम आदमी पार्टी (AAP) ने सत्र का बहिष्कार करने की धमकी दी है। विपक्षी दलों के इस कड़े रुख के कारण बजट सत्र के काफी हंगामेदार होने के आसार नजर आ रहे हैं। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है।
बजट सत्र के दौरान केवल आर्थिक चर्चा ही नहीं, बल्कि सियासी संग्राम भी देखने को मिलेगा। भाजपा विधायक शिखा राय सदन में विपक्षी दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश करेंगी। यह प्रस्ताव उन दलों (कांग्रेस, आप और अन्य) के खिलाफ है जो हाल ही में लोकसभा अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाए थे, जिसे लोकसभा में खारिज कर दिया गया था।