
नई दिल्ली। महिला सैन्य अधिकारियों की तरह अब महिला सैन्य कर्मियों को भी मातृत्व अवकाश के साथ शिशु की देखभाल व शिशु गोद लेने के बाद दत्तक ग्रहण अवकाश मिल सकेगा। अब तक तीनों सेनाओं की महिला अधिकारियों को ही ये सुविधा मिलती थी। रक्षा मंत्रालय ने अब इसका विस्तार अग्निवीर योजना में चयनित महिलाओं समेत सभी महिला सैन्य कर्मियों तक कर दिया है। इस सम्बन्ध में काफी समय से लम्बित प्रस्ताव को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही मंजूरी दी है। रक्षा मंत्रालय ने रविवार को इसकी घोषणा की।
तीनों सेनाओं में अभी महिला अधिकारियों को दो बच्चों के जन्म तक 180-180 दिन का मातृत्व अवकाश मिलता है। यानी महिला अधिकारी अपने सेवाकाल में 360 दिन का मातृत्व अवकाश ले सकती हैं। इसके अलावा एक वर्ष से कम आयु के बच्चे को गोद लेने वाली महिला अधिकारियों को भी दत्तक ग्रहण की तारीख से 180 दिन तक की छुट्टी मिलती है।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि अब थलसेना, वायुसेना व नौसेना की महिला सैन्य कर्मी व अन्य रैंक की महिला कार्मिक भी इस अवकाश सुविधा का लाभ ले सकेंगी। केंद्र सरकार ने यह पहल सेना में महिला-पुरुषों की समान सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। इस निर्णय से सशस्त्र बलों में सभी महिलाओं की समावेशी भागीदारी होगी और कार्य स्थितियों में सुधार के साथ उन्हें पेशेवर व पारिवारिक जीवन में बेहतर संतुलन का अवसर मिल सकेगा।
प्रवक्ता ने कहा कि नारी शक्ति के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए तीनों सेनाओं ने महिलाओं को सैनिकों, नौसैनिकों और वायु योद्धाओं के रूप में शामिल करके एक आदर्श बदलाव की शुरुआत की है।
विश्व के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन व युद्धपोतों पर तैनाती के साथ-साथ आसमान में परचम लहराने तक महिलाएं अब सशस्त्र बलों के लगभग हर क्षेत्र में बाधाओं को तोड़ रही हैं। वर्ष 2019 में थलसेना की सैन्य पुलिस कोर में महिलाओं की भर्ती के जरिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई थी। रक्षा मंत्री राजनाथ का सदैव महिलाओं को हर क्षेत्र में पुरुष समकक्षों के समान रखने के पक्षधर रहे हैं। इसके अनुरूप उन्होंने अवकाश नियमों के विस्तार को मंजूरी देकर नारी शक्ति का सम्मान बढ़ाया है।
तीनों सेनाओं में महिलाएं
| सेना | अधिकारी | अन्य रैंक |
| थलसेना | 1,733 | 100 |
| वायुसेना | 1,654 | 155 |
| नौसेना | 580 | 726 |
(थल सेना के आंकड़े जनवरी व वायुसेना-नौसेना के आंकड़े जुलाई 2023 तक के)