नई दिल्ली

DND से सीधे चढ़ें और पहुंचें मायानगरी: नितिन गडकरी ने किया दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नए रूट का निरीक्षण, सफर होगा बेहद आसान

Delhi Mumbai Expressway DND Entry: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के डीएनडी-जैतपुर खंड का निरीक्षण किया। इसके चालू होने से सराय काले खां से सीधे मुंबई और जयपुर के लिए सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी मिलेगी। पीएम मोदी जल्द करेंगे उद्घाटन।
2 min read
Delhi Mumbai Expressway DND Entry
AI द्वारा बनाया गया प्रतीकात्मक फोटो

Nitin Gadkari Delhi Mumbai Highway: देश की राजधानी दिल्ली को आर्थिक राजधानी मुंबई से जोड़ने वाले भारत के सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे, 'दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे' को लेकर एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है। अब दिल्ली के डीएनडी (DND Flyway) से सीधे इस एक्सप्रेसवे पर पहुंचा जा सकेगा, जिससे दिल्लीवासियों को मुंबई जाने के लिए शहर के भारी जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। दरअसल, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ इसके नवनिर्मित डीएनडी-जैतपुर खंड का फरीदाबाद के चंदावली गांव तक दौरा किया। निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री ने एलान किया कि वह बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें इस बहुप्रतीक्षित रूट के भव्य लोकार्पण के लिए आमंत्रित करेंगे।

सराय काले खां से शुरू होगा मुंबई का सफर

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अधिकारियों के मुताबिक, इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से मुंबई जाने वाले मुसाफिरों को सबसे बड़ी राहत मिलेगी। अब तक दिल्ली के अंदरूनी हिस्सों (जैसे सराय काले खां, आश्रम, या नोएडा-गाजियाबाद) से एक्सप्रेसवे के मुख्य रूट (सोहना) तक पहुंचने में ही यात्रियों को भारी जाम के कारण 1 से 2 घंटे बर्बाद करने पड़ते थे। डीएनडी-जैतपुर खंड शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों के बीच सफर काफी तेज और आसान हो जाएगा। इसके चालू होने से सराय काले खां से फरीदाबाद की दूरी महज 20 मिनट में पूरी की जा सकेगी, जबकि गुरुग्राम के मानेसर तक पहुंचने में केवल 45 मिनट लगेंगे। वहीं राजस्थान की राजधानी जयपुर का सफर करीब ढाई घंटे में तय हो सकेगा। इसके अलावा मध्य प्रदेश और वडोदरा होते हुए मुंबई तक की कनेक्टिविटी भी पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा तेज और सुगम हो जाएगी।

1836 करोड़ रुपए की लागत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को दिल्ली के दिल (DND) से जोड़ने वाले इस 9 किलोमीटर लंबे हिस्से के निर्माण पर करीब 1,836 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस खंड की सबसे बड़ी खासियत इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना है। यहां आगरा कैनाल (Agra Canal) के ऊपर देश का सबसे लंबा 140 मीटर का स्टील आर्च ब्रिज बनाया गया है। इसके खुलने से मथुरा रोड पर ट्रैफिक का दबाव पूरी तरह खत्म हो जाएगा। एक्सप्रेसवे का फरीदाबाद, सोहना और जयपुर तक का हिस्सा पहले ही सुचारू रूप से चल रहा है, जबकि मध्य प्रदेश, गुजरात (वडोदरा) और मुंबई तक के बाकी बचे हिस्सों पर निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

जेवर एयरपोर्ट की भी सीधी कनेक्टिविटी

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के इस नए रूट का फायदा सिर्फ मुंबई या जयपुर जाने वालों को ही नहीं, बल्कि हवाई यात्रियों को भी मिलेगा। फरीदाबाद के चंदावली गांव के पास एक विशेष संपर्क मार्ग (Spur Route) बनाकर इस एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। यह काम आगामी 1 साल में पूरा हो जाएगा, जिसके बाद हरियाणा और दिल्ली के लोग सीधे एक्सप्रेसवे के जरिए बिना किसी रुकावट के जेवर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हर्ष मल्होत्रा, अजय टम्टा और दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली को जाम और प्रदूषण से बचाने में यह एक्सप्रेसवे मील का पत्थर साबित होगा।

Updated on:
20 May 2026 04:43 pm
Published on:
20 May 2026 04:43 pm