
PM Modi Chalisa Delhi Press Club: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चाहने वाले अक्सर ऐसे कारनामे करते हैं, जिनका वीडियो वायरल तो होता ही है, साथ ही वे चर्चा का विषय भी बन जाते हैं। कभी कोई पीएम का मंदिर बनाने का दावा करता है तो कोई उन्हें भगवान का दर्जा दे देता है। इसी कड़ी में अब कुछ लोगों द्वारा एक और कारनामा किया गया है, जिसकी जोर-शोर से चर्चा हो रही है। बता दें कि दिल्ली के एक प्रेस क्लब में ‘जय-जय मोदी’ का गान करते हुए ‘मोदी चालीसा’ पढ़ी गई और उनकी प्रतिमा की बाकायदा आरती भी उतारी गई।
बता दें कि इस घटना का 23 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि सामने भगवान श्रीराम के समान एक मूर्ति खड़ी है, लेकिन उस मूर्ति पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुल 5 से 6 लोग नजर आ रहे हैं, जिनमें एक पुरुष और एक महिला भगवा वस्त्र धारण किए हुए हैं। सभी लोग मिलकर एक सुर में ‘जय-जय मोदी, हर-हर मोदी’ का नारा बार-बार दोहरा रहे हैं और प्रधानमंत्री की आरती उतार रहे हैं। फिलहाल, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर इस तरह की भक्ति का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पीएम मोदी के नाम पर मंदिर बनाने की पहल सामने आ चुकी है। एनडीटीवी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में बिहार की राजधानी पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर मंदिर बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। यह प्रस्ताव बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड की बैठक में पेश किया गया था, जिसे बोर्ड और राज्य सरकार से मंजूरी मिलने की बात कही गई थी।
बोर्ड के सदस्य राजन सिंह ने कहा था कि किन्नर समाज के लिए कोई अलग आराध्य या समर्पित मंदिर नहीं है। इसी वजह से यह प्रस्ताव रखा गया कि किन्नर समाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आराध्य मानता है, इसलिए पटना में उनके नाम पर एक भव्य मंदिर बनाया जाए। उन्होंने बताया कि सरकार की मंजूरी के बाद मंदिर के लिए जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। निर्माण के लिए सरकारी सहयोग के साथ समाज के लोगों से चंदा जुटाने की भी योजना बताई गई थी।