CM Rekha Gupta Birthday: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज 51 साल की हो गईं। उनका जन्म 19 जुलाई 1974 को हरियाणा के जुलाना स्थित नंदगढ़ में हुआ था। शनिवार को हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने उन्हें बधाई दी।
CM Rekha Gupta Birthday: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने हरियाणा के जुलाना स्थित अपने पैतृक गांव नंदगढ़ में अपना 51वां जन्मदिन मनाया। इस दौरान हरियाणा सरकार की ओर से नंदगढ़ में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सीएम नायब सिंह सैनी भी उपस्थित हुए। इस दौरान नायब सिंह सैनी ने दिल्ली की सीएम और हरियाणा की बेटी रेखा गुप्ता के जन्मदिन पर उनके पैतृक गांव को 150 करोड़ की कई विकास सौगातें दीं। इसपर दिल्ली की सीएम ने उनका आभार जताया और उन्हें इस तोहफे के लिए धन्यवाद दिया।
ये भी पढ़ें
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता मूल रूप से हरियाणा की बेटी हैं। दिल्ली में उनकी ससुराल है। 19 जुलाई 1974 को हरियाणा के जींद जिले की नगर पंचायत जुलाना के गांव नंदगढ़ में उनका जन्म हुआ था। दिल्ली की सीएम बनने के बाद शनिवार को वह पहली बार जन्मदिन पर अपने पैतृक गांव नंदगढ़ पहुंची। इस दौरान हरियाणा सरकार की ओर से नंदगढ़ में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेखा गुप्ता को उनके जन्मदिन के तोहफे के रूप में नंदगढ़ गांव को 150 करोड़ रुपये की विकास सौगातें दीं। इसके लिए रेखा गुप्ता ने उनका आभार भी जताया।
इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने नंदगढ़ से जुड़ी अपने बचपन की यादों को ताजा किया। साथ ही दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव से लेकर दिल्ली की सीएम बनने तक के सफर पर भी खुलकर चर्चा की। दूसरी ओर सीएम नायब सिंह द्वारा 150 करोड़ की विकास योजनाओं की घोषणा के बाद नंदगढ़ में जश्न का माहौल है। दिल्ली लौटने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा "आज मैं अपनी जन्मभूमि, अपने गांव नंदगढ़ जुलाना गई। वहां बहुत सुंदर कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेरे जन्मदिन पर हमारे जुलाना के लिए 150 करोड़ की परियोजनाएं दीं। मैं उनका धन्यवाद करती हूं। हमने जनता से जो वादे किए हैं। उन्हें हम लगातार पूरा करने में लगे हैं और हम और तेज गति से काम करेंगे।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, "दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी को जन्मदिन की ढेरों बधाई। वह दिल्ली की सेवा में सदैव समर्पित रही हैं। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राजधानी के समग्र विकास के लिए अनेक प्रभावी पहल की हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह उन्हें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।"
रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पर एक और पोस्ट में कहा, "मुख्यमंत्री के रूप में मैं ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की आपकी परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हूं।" इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के लिए आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का ‘‘सदैव प्रेरणादायक’’ मार्गदर्शन उनकी सार्वजनिक सेवा यात्रा के लिए सतत ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी रेखा गुप्ता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व की सराहना की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, "दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं हरियाणा की गौरव बेटी श्रीमती रेखा गुप्ता जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका सक्षम नेतृत्व और समाज के प्रति समर्पण, राजधानी में सुशासन और सशक्तिकरण का प्रतीक बन चुका है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करता हूं कि आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें तथा दिल्ली के विकास में अपना योगदान यूं ही देती रहें।" सीएम रेखा गुप्ता ने जुलाना और नंदगढ़ में आयोजित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।