
नई दिल्ली। रेलवे में नौकरी का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाते हुए अगले छह महीने से एक साल के भीतर 55 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां पूरी करने का लक्ष्य तय किया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) को भर्ती प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया।
रेलवे के अधिकृत सूत्रों ने बताया कि सबसे बड़ी भर्ती ग्रुप-डी (लेवल-1) की है, जिसमें 32,438 पदों के लिए परीक्षा हो चुकी है। इसके अलावा सहायक लोको पायलट (एएलपी), एनटीपीसी स्नातक स्तर, एनटीपीसी अंडर ग्रेजुएट स्तर, जूनियर इंजीनियर तथा सेक्शन कंट्रोलर पदों की भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। रेलवे के तय कार्यक्रम के अनुसार एएलपी भर्ती के अंतिम परिणाम दिसंबर 2026 तक आने की संभावना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वार्षिक भर्ती कैलेंडर और रिक्तियों की नियमित अधिसूचना से उम्मीदवारों को अपनी तैयारी की बेहतर योजना बनाने में मदद मिली है। रेलवे अब विभागीय परीक्षाओं को भी पूरी तरह कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) प्रणाली में स्थानांतरित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
वैष्णव ने भर्ती प्रक्रिया में टैबलेट आधारित परीक्षाओं के विस्तार, बहुभाषी परीक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा उम्मीदवारों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए संवाद व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भर्ती से जुड़ी किसी भी भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन किया जाए ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा बना रहे।
रेल मंत्रालय के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में 43,781 अभ्यर्थियों को रेलवे में नियुक्ति दी जा चुकी है। अब फोकस उन भर्तियों पर है जिनकी परीक्षाएं हो चुकी हैं या प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
| भर्ती | पद | संभावित अंतिम चयन |
| ग्रुप-डी (लेवल-1) | 32,438 | प्रक्रिया जारी |
| सहायक लोको पायलट | 10,970 | दिसंबर 2026 |
| जूनियर इंजीनियर | 2,585 | अक्टूबर 2026 |
| सेक्शन कंट्रोलर | 368 | सितंबर 2026 |
| एनटीपीसी ग्रेजुएट | 5,810 | जनवरी 2027 |
| एनटीपीसी अंडरग्रेजुएट | 3,058 | अप्रेल 2027 |