नई दिल्ली

पंजाब, दिल्ली सहित चार राज्यों में बदले प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा ने की संगठनात्मक बदलाव की शुरूआत

भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को पार्टी में संगठन स्तर पर बदलाव की शुरुआत करते हुए पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेशाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। पंजाब में सरदार केवल सिंह ढिल्लो, हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता, दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री अरूण सिंह ने संगठनात्मक नियुक्ति के परिपत्र जारी कर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से इन नियुक्तियों की घोषणा की है। पंजाब में अगले वर्ष फरवरी मार्च में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। वहां पार्टी ने सुनील जाखड़ के स्थान पर बरनाला के पूर्व विधायक ढिल्लो को पार्टी की कमान सौंप कर मिशन पंजाब की शुरुआत कर दी है

3 min read

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को पार्टी में संगठन स्तर पर बदलाव की शुरुआत करते हुए पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेशाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। पंजाब में सरदार केवल सिंह ढिल्लो, हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता, दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री अरूण सिंह ने संगठनात्मक नियुक्ति के परिपत्र जारी कर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से इन नियुक्तियों की घोषणा की है।

गौरतलब है कि पंजाब में अगले वर्ष फरवरी मार्च में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। वहां पार्टी ने सुनील जाखड़ के स्थान पर बरनाला के पूर्व विधायक ढिल्लो को पार्टी की कमान सौंप कर मिशन पंजाब की शुरुआत कर दी है। ढिल्लो भी पहले कांग्रेस में रहे हैं। हरियाणा और दिल्ली की नियुक्तियों में इन राज्यों की स्थानीय स्थितियों के साथ ही पंजाब के सियासी समीकरणों से जोड़ कर देखा जा रहा है। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अर्चना गुप्ता पानीपत की जिलाध्यक्ष रही हैं। वहीं केन्द्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा पंजाबी समुदाय से आते हैं और दिल्ली के पंजाबी समुदाय का पंजाब में भी काफी प्रभाव है। त्रिपुरा में विधायक अभिषेक देबरॉय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कौन हैं सरदार केवल सिंह ढिल्लों (उम्र 76 वर्ष )

बरनाला के तल्लेवाल गांव से संबंध रखते हैं। ढिल्लों समूह के प्रमुख हैं और पंजाब के बड़े उद्योगपतियों और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। 2007 और 2012 में बरनाला से कांग्रेस के विधायक चुने गए। 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। संगरूर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार थे।अभी पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के वरिष्ठ नेता रहे।

क्यों बनाया : जट्ट सिख ढिल्लों को पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए बड़े सिख चेहरे को पार्टी ने नेतृत्व की कमान दी है। इससे मालवा क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

कौन हैं डॉ. अर्चना गुप्ता (उम्र -58 वर्ष)

पानीपत की रहने वाली रेडियोलाजिस्ट डॉक्टर हैं। रेडियोलॉजी में गोल्ड मेडलिस्ट हैं। विश्व हिंदू परिषद में पदाधिकारी रही हैं। पानीपत में भाजपा महिला मोर्चा में सक्रिय रहीं और फिर पार्टी की जिलाध्यक्ष रहीं । प्रदेश महामंत्री थीं।

क्यों बनाया : संगठन में महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए। हरियाणा और उत्तर भारत में वैश्य समुदाय का प्रमुख चेहरे के रूप में स्थापित होंगी। वहीं पार्टी में नई पीढ़ी का उभार भी होगा।

कौन हैं हर्ष मल्होत्रा (उम्र 62 वर्ष )

केन्द्रीय राज्य मंत्री मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं। दिल्ली बीजेपी के महासचिव रहे हैं। एमसीडी के मेयर भी रहे हैं। पूर्वी दिल्ली की वेलकम कॉलोनी से पार्षद भी रहे हैं। भाजपा के दिग्गज नेता रहे विजय कुमार मल्होत्रा के पुत्र हैं।

क्यों बनाया: दिल्ली में प्रभावी पंजाबी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। आगामी पंजाब चुनाव में दिल्ली की पंजाबी समुदाय का बड़ा प्रभाव रहता है। दिल्ली नगर निगम चुनाव में जीत दिलाने की जिम्मेदारी भी है।

कौन हैं अभिषेक देबराय (उम्र -44 वर्ष )

त्रिपुरा के गोमती जिले के मटरबारी विधानसभा क्षेत्र से पहली बार के विधायक हैं। वे गोमती नगर के भाजपा जिलाध्यक्ष रहे हैं। त्रिपुरा राज्य भाजपा कार्यकारिणी में भी रहे हैं। देबरॉय 2017 में पार्टी से जुड़े। 2024 की बाढ़ में वे राहत के कामकाज में सक्रिय रहे थे।

क्यों बनाया : पार्टी त्रिपुरा में संगठन को मजबूत करना चाहती है और नई पीढ़ी को आगे लाना चाहती है। इसलिए पहली बार के विधायक देबराय के हाथ में कमान सौंपी गई है।

Updated on:
29 May 2026 02:11 pm
Published on:
29 May 2026 01:40 pm
Also Read
View All