23 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Delhi Crime: पानी की मोटर बंद करने पर शुरू हुआ विवाद, भाई ने लाठी से हमला कर छोटे भाई की ली जान; पत्नी समेत गिरफ्तार

Delhi Jasola Murder Case: दिल्ली के जसोला में संपत्ति विवाद के बीच पानी की मोटर बंद करने को लेकर दो भाइयों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि बड़े भाई ओमप्रकाश ने लाठी से हमला कर छोटे भाई संजय की जान ले ली। पुलिस ने ओमप्रकाश और उसकी पत्नी चंदा को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 23 Oct 2026, 1:33 PM IST

Delhi Jasola Murder Case

पानी की मोटर बंद करने पर शुरू हुआ विवाद, प्रतीकात्मक फोटो- पत्रिका

Property Dispute Murder: दिल्ली के जसोला इलाके में संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दरअसल, दो भाइयों के बीच पानी की मोटर बंद करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान बड़े भाई ओमप्रकाश ने अपने छोटे भाई संजय पर लाठी से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद संजय को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने ओमप्रकाश और उसकी पत्नी चंदा को गिरफ्तार कर लिया है। झगड़े के दौरान दोनों भाइयों की मां यमुना को भी गंभीर चोटें आई हैं।

पांच बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

पुलिस के मुताबिक, ओमप्रकाश और संजय एक ही मकान में रहते थे। दोनों के परिवार घर की अलग-अलग मंजिलों पर रहते थे। परिवार के बीच उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में स्थित पांच बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे पर दोनों भाइयों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। पुलिस को सुबह करीब सात बजे दोनों भाइयों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने के बाद शुरुआती जांच में पता चला कि विवाद के पीछे संपत्ति का मामला था। हालांकि, घटना वाले दिन झगड़ा पानी की मोटर बंद करने को लेकर शुरू हुआ।

पानी की मोटर बंद करने पर भिड़े दोनों परिवार

जानकारी के अनुसार, सुबह ओमप्रकाश की पत्नी चंदा घर में पानी भरने के लिए मोटर चला रही थी। इसी दौरान नीचे की मंजिल पर रहने वाले संजय ने मोटर बंद कर दी। इस बात को लेकर चंदा और संजय के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान संजय ने चंदा के बाल खींचे और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद गुस्से में चंदा ऊपर गई और लाठी लेकर वापस आई। उसने अपने पति ओमप्रकाश को भी मौके पर बुला लिया, जो पास में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों भाइयों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

सिर पर लाठी लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ संजय

लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, झगड़े के दौरान दोनों भाइयों ने एक-दूसरे पर हमला किया। इसी बीच उनकी मां यमुना भी इस हिंसा की चपेट में आ गईं और उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान संजय के सिर पर लाठी लग गई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।

आरोपी ओमप्रकाश पर पहले भी दर्ज था मामला

पुलिस के अनुसार, ओमप्रकाश के खिलाफ इससे पहले सरिता विहार थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 323 और 341 के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब संजय की मौत के मामले में पुलिस ने ओमप्रकाश और उसकी पत्नी चंदा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झगड़े के दौरान किसकी क्या भूमिका रही।

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग