नई दिल्ली

कर्तव्य पथ पर नजर आएगी विकसित भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता

- एक सौ से अधिक महिला कलाकार वाद्ययंत्र बजाकर करेंगी गणतंत्र दिवस परेड का आगाज

2 min read
Jan 25, 2024
कर्तव्य पथ पर नजर आएगी विकसित भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता

नई दिल्ली। देश के 75वें गणतंत्र दिवस के मौके शुक्रवार को होने वाली परेड में कर्तव्य पथ पर विकसित भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, एकता एवं प्रगति तथा आत्मनिर्भरता व नारी शक्ति के दम पर बढ़ती सैन्य शक्ति नजर आएगी। सोलह 16 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और रचनात्मकता को प्रदर्शित करेगी।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह व परेड 'विकसित भारत' और 'भारत-लोकतंत्र की मातृका' की दोहरी थीम पर आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय पर्व में जनभागीदारी को इंगित करते हुए समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 13 हजार लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पहली बार परेड की शुरुआत देश के विभिन्न हिस्सों से आमंत्रित एक सौ महिला कलाकारों के भारतीय वाद्य यंत्रों के वादन के साथ शंख ध्वनि, नादस्वरम् व नगाड़ों की गूंज से होगी।

लगभग डेढ़ घंटा चलने वाली परेड सुबह साढ़े दस बजे शुरू होगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सैन्य अधिकारी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर कर्तव्य पथ पहुंच कर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व फ्रांस के राष्ट्रपति मेक्रॉन की अगवानी करेंगे। फिर 21 तोपों की सलामी के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इस दौरान वायुसेना के चार एमआई-17 हेलिकॉप्टर पुष्प वर्षा करेंगे। इसके बाद महिला कलाकार 'आह्वानम' के रूप में विभिन्न वाद्य यंत्रों का वादन करेंगी।

सेना दिखाएगी सामरिक ताकत

परेड में भारतीय सशस्त्र सेनाओं के तीनों अंग सामरिक ताकत का प्रदर्शन करेंगे। थलसेना की टुकड़ी में 12 मार्चिंग कॉलम्स के अलावा टी-90 भीष्म टैंक, नाग मिसाइल सिस्टम, इन्फैंट्री कॉम्बैट व्हीकल, ऑल-टेरेन व्हीकल, पिनाका, वेपन लोकेटिंग रडार सिस्टम 'स्वाति', सर्वत्र मोबाइल ब्रिजिंग सिस्टम, ड्रोन जैमर सिस्टम और मीडियम रेंज की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल सिस्टम मुख्य आकर्षण होंगे। नौसेना के 144 सदस्यीय मार्चिंग दस्ते में महिला अग्निवीर भी शामिल होंगी। नौसेना परेड में नारी शक्ति के साथ आत्मनिर्भरता के साथ महासागरों में समुद्री शक्ति का प्रदर्शन करेगी। परेड का एक और मुख्य आकर्षण 'राष्ट्र निर्माण: पहले भी, अब भी, आगे भी और हमेशा' थीम पर दिग्गजों की झांकी होगी।

आसमां में गरजेंगे 51 विमान

परेड में दुश्मन को दहला देने वाले 29 लड़ाकू विमानों सहित भारतीय वायुसेना के 51 विमान गर्जना करेंगे। ये विमान 14 अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे। परेड के आखिर में होने वाले फ्लाई पास्ट की शुरुआत चार एमआई-17 हेलिकॉप्टर्स की ध्वज व हल्के लड़ाकू हेलिकॉप्टर (एलसीएच) प्रचंड व तीन एएलएच हेलिकॉप्टरों की रुद्र फॉर्मेशन में उड़ान से होगी। इसके बाद लड़ाकू विमान मिग-29, सुखोई-30, तेजस, जगुआर व राफेल, मालवाहक सी-17 हर्क्यूलिस, सी-130, सी-295 व अवाक्स विमान व हेलिकॉप्टर अपाचे अलग अलग फार्मेशन में जलवा दिखाएंगे। राफेल की विजय फार्मेशन में गर्जना के साथ फ्लाईपास्ट पूरा होगा।

Published on:
25 Jan 2024 06:05 pm
Also Read
View All