नई दिल्ली

डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर कार्रवाई का बनाया मन, मीडिया से कहा- आपको पता चल जाएगा

Highlights कोरोना वायरस ने दुनियाभर में 1,19,666 लोगों की जान ले ली है। अमरीका में मरने वालों का आंकड़ा 22 हजार के पार पहुंच चुका है।
2 min read
• •
Updated: 14 Apr 2020, 2:23 PM IST
donald trump

वाशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर कार्रवाई का मन बना लिया है। उन्होंने कोरोना वायरस को लेकर डब्ल्यूएचओ और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को कथित रूप से गलत जानकारी देने के लिए चीन को दुष्परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। गौरतलब है कि यह संक्रमण चीन के वुहान शहर से फैलना शुरू हुआ था। इसने अब तक दुनिया में 1,19,666 लोगों की जान ले ली है और करीब 20 लाख लोग इससे संक्रमित हैं।

व्हाइट हाउस में सोमवार को मीडिया से बातचीत में ट्रंप से बार-बार सवाल किया गया कि इसके लिए चीन कितना जिम्मेदार है। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा ‘आपको कैसे पता, इसका चीन को कोई दुष्परिणाम नहीं भुगतना होगा’। इस बारे में बार-बार सवाल किए जाने पर ट्रंप ने कहा, ‘मैं आपको नहीं बताऊंगा। चीन को पता चल जाएगा। मैं आपको क्यों बताऊंगा?’

अमरीकी सरकार चीन से चिकित्सकीय आपूर्ति करे

चीन के खिलाफ अमरीकी सांसदों की टिप्पणियों के बीच ट्रंप ने कहा, ‘आपको पता चल जाएगा।’ सीनेटर स्टीव डेन्स ने ट्रंप को पत्र लिखकर अपील की है कि अमरीकी सरकार चीन से चिकित्सकीय आपूर्ति और उपकरणों पर निर्भरता को समाप्त करे। अमरीका में दवाइयां बनाने संबंधी नौकरियां वापस लेकर आए। रिपब्लिकन पार्टी के चार सांसदों ने भी चीन पर निर्भरता कम करने के लिए सोमवार को एक बिल पेश किया था।

'देश को दोबारा खोलने की योजना के बेहद करीब'

ट्रंप ने कहा कि वह देश को दोबारा खोलने की योजना के बेहद करीब हैं। कोरोना वायरस के कहर के कारण देश में 30 अप्रैल तक सामाजिक दूरी बनाने के लिए दिशा-निर्देश जारी हैं। इस घातक वायरस से देश की 95 प्रतिशत आबादी प्रभावित हुई है। ट्रंप ने कहा, ‘मैं अपनी टीम और शीर्ष विशेषज्ञों से इस पर बातचीत कर रहा हूं।’

हम अपने देश को दोबारा खोलना चाहते हैं: ट्रंप

उन्होंने कहा, ‘मेरे प्रशासन की योजना और दिशा-निर्देश अमरीका के लोगों को सामान्य जीवन शुरू करने का आत्मविश्वास देंगे, जिनकी उन्हें जरूरत है।’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘यह हमें चाहिए। हम अपने देश को दोबारा खोलना चाहते हैं, हम फिर सामान्य जीवन जीना चाहते हैं। हमारा देश खुलने वाला है और वह सफलता पूर्वक खुलेगा।’ अमरीका में मंगलवार को वायरस से 24 घंटे में 1509 लोगों की जान चली गई थी और 24,895 नए मामले सामने आए थे। देश में अभी तक 5.8 लाख लोग संक्रमित पाए गए हैं।

Published on:
Also Read
View All