भीलवाड़ा

बिजौलिया के सहायक खनि अभियंता सुथार एपीओ

अब तक तीन अधिकारी हो चुके एपीओ व निलंबित
less than 1 minute read
Aug 02, 2025
Assistant Mining Engineer Suthar APO of Bijolia
Assistant Mining Engineer Suthar APO of Bijolia

सरकार के खान एवं पेट्रोलियम विभाग ने एक आदेश जारी कर बिजौलिया खनिज विभाग के सहायक खनिज अभियंता बंशीलाल सुथार को तत्काल प्रभाव से पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में रखा है। आदेश के अनुसार आगामी निर्देशों तक सुथार का मुख्यालय अधीक्षण खनि अभियंता (सतर्कता) जयपुर निर्धारित किया है। यह आदेश संयुक्त शासन सचिव आशु चौधरी ने जारी किए। आदेश को प्रशासनिक हलकों में अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। विशेषकर बिजौलियां क्षेत्र में खनन गतिविधियों की पारदर्शिता और नियमन से जुड़े मामलों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।उल्लेखनीय है कि पूर्व में एक वरिष्ठ सहायक को फर्जी रवन्ना मामले निलंबित किया था और अभी हाल ही में सहायक प्रशासनिक अधिकारी हरपाल मीणा को भी निलंबित कर दिया है। इससे खनिज विभाग में हड़कंप मच गया है। सहायक शासन सचिव विमल कुमार आर्य ने हरपाल मीणा को राजस्थान सिविल सेवा 1958 के नियम 13 के तहत निलंबन का आदेश जारी करके मुख्यालय अतिरिक्त निदेशक खान जयपुर कर दिया है।

मीणा पिछले 20 सालों से बिजोलिया खनिज विभाग में कार्यरत था। पूर्व में मीणा का अस्थाई रूप से अन्यत्र स्थानांतरण हो गया था परंतु अपने प्रभाव से यहीं काम करता रहा। मीणा खातेदारी आवंटन लाइसेंस का कार्य देख रहा था। फर्जी रवन्ना के मामले में वरिष्ठ सहायक महेंद्र सेन को भी निलंबित करके जैसलमेर मुख्यालय पर लगाया गया है।

Updated on:
02 Aug 2025 09:13 am
Published on:
02 Aug 2025 09:13 am