बुजुर्ग ने युवती पर लगाया नशीले पदार्थों के विक्रय का धंधा करने का आरोप, हनुमानगढ़ की कैनाल कॉलोनी की घटना, जंक्शन थाने में मामला दर्ज
हनुमानगढ़. कॉलोनी में संदिग्ध समझ कर एक मकान के पीछे खड़ी बाइक तथा युवक की फोटो खींचना बुजुर्ग को महंगा पड़ गया। संदिग्ध युवक तथा मकान में रहने वाली युवती ने बुजुर्ग को पीट दिया। पीडि़त ने युवक-युवती पर चिट्टा विक्रय का धंधा करने का आरोप लगाते हुए जंक्शन थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार प्रहलाद राय (75) पुत्र श्योकरणराम तरड़ निवासी मन्नीवाली पीएस सादुलशहर हाल सेक्टर नौ, जंक्शन ने रिपोर्ट दी कि जल संसाधन विभाग की कॉलोनी के एक क्वार्टर में विभाग के दिवंगत ड्राइवर की बेटी किरण देवी रहती है, वह चिट्टे सहित अन्य नशीले पदार्थ विक्रय का काम करती है। उसके पास असामाजिक तत्वों तथा संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा रहता है। किरण देवी के पास जो लोग आते हैं, वे अपने वाहन उसके घर के पास खड़े कर देते हैं। गुरुवार शाम किरण देवी के घर के पीछे बाइक खड़ी देखी तो मोबाइल फोन से उसकी फोटो लेने लगा। तभी बाइक चालक युवक आ गया, इसलिए उसकी भी फोटो खींच ली। संदिग्ध युवक ने यह देखकर किरण देवी को बुला लिया। इसके बाद दोनों ने उससे मारपीट कर गंभीर चोटें पहुंचाई। पुलिस ने आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हनुमानगढ़. मुनाफे का लालच देकर अपने ही रिश्तेदारों को चूना लगाने के मामले में टाउन पुलिस ने एक जने को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन का रिमांड मंजूर कराया। थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां ने बताया कि 15 फरवरी को ओमप्रकाश पुत्र पालाराम स्वामी निवासी 13-14 जवाहर नगर कॉलोनी, टाउन ने मुकदमा दर्ज कराया था कि अमित स्वामी पुत्र मोहनलाल, दीपक शर्मा, सरोज पत्नी शीशपाल, मोहनलाल पुत्र कुरड़ाराम निवासी कलाना पीएस भादरा तथा नितिश स्वामी पुत्र शीशपाल निवासी गांव बशीर पीएस टिब्बी ने उससे मुनाफे का झांसा देकर रुपए ऐंठ लिए। आरोपियों ने इसके लिए मोबाइल एप्स का दुरुपयोग किया तथा राशि हड़प ली। अनुसंधान के बाद आरोपी अमित कुमार (22) पुत्र मोहनलाल स्वामी निवासी भादरा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से रिमांड अवधि के दौरान ठगी गई रकम बरामदगी आदि के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है।
हनुमानगढ़. दूध लेकर घर लौट रहे युवक पर बाइक सवार तीन जनों ने धारदार हथियार व लाठी-डण्डों से हमला कर घायल कर दिया। हमलावर भागते समय अपनी एक बाइक मौके पर ही छोड़ गए। इस संबंध में सदर थाने में कई जनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। मिठू सिंह पुत्र इन्द्रसिंह बावरी निवासी वार्ड 21, डबलीबास मौलवी ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि 18 जून की शाम उसका पुत्र सतनाम सिंह अपने चाचा के लडक़े गुरप्रीत सिंह के साथ दूध लेकर घर आ रहा था। रास्ते में तीन बाइकों पर कलवन्त सिंह उर्फ टुलू पुत्र भगवान सिंह बावरी निवासी वार्ड 1, मौलवीबास डबलीराठान सहित नौ जने आए। उनके हाथों में कृपाण, लाठी व डण्डे थे। आरोपियों ने सतनाम व गुरप्रीत पर हमला कर दिया। गुरप्रीत सिंह तो किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। कलवन्त सिंह ने उसके पुत्र सतनाम के सिर पर कृपाण से वार कर गंभीर घायल कर दिया। उसको मरा हुआ समझकर भाग गए। जाते समय हमलावर अपनी एक बाइक भी मौके पर छोड़ गए। घायल सतनाम का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। मामले की जांच डबलीराठान पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई विजय सिंह कर रहे हैं।