समाचार

देवगढ़ उपचुनाव: कांग्रेस ने बचाई वार्ड-9 की सीट, बेटे को मिली पिता के अधूरे कार्य पूरे करने की जिम्मेदारी

नगर पालिका देवगढ़ के वार्ड संख्या 9 के पार्षद उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त देते हुए अपनी सीट बचा ली है।

2 min read

देवगढ़. नगर पालिका देवगढ़ के वार्ड संख्या 9 के पार्षद उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त देते हुए अपनी सीट बचा ली है। कांग्रेस प्रत्याशी किशनलाल खटीक ने महज 7 वोट से जीत दर्ज की। मतगणना शुक्रवार सुबह सख्त सुरक्षा के बीच हुई, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के चेहरे खिल उठे। मतदान गुरुवार को हुआ था, जिसमें 66.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शुक्रवार को हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी किशनलाल को 222 और भाजपा प्रत्याशी पीरूलाल सालवी को 215 वोट मिले। वहीं, 2 मत नोटा में चले गए।

भावनात्मक जुड़ाव ने दिलाई जीत

कांग्रेस प्रत्याशी किशनलाल खटीक के पिता तोलाराम खटीक वर्ष 2021 के चुनाव में इसी वार्ड से पार्षद चुने गए थे। करीब एक वर्ष पहले बीमारी के चलते उनका निधन हो गया, जिससे यह सीट खाली हुई। मतदाताओं ने पिता के अधूरे कार्य पूरे करने की जिम्मेदारी बेटे को सौंप दी।

मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा

  • सुबह 9:30 बजे पालिका के कक्ष संख्या-1 में मतगणना शुरू हुई।
  • रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम अर्चना चौधरी ने प्रक्रिया की निगरानी की।
  • जोनल मजिस्ट्रेट सज्जनराम, ईओ विजेश मंत्री, तहसीलदार और पुलिस जाप्ता मौके पर तैनात रहे।
  • मतगणना पूरी होने पर विजेता प्रत्याशी को प्रमाण पत्र सौंपा गया।
  • जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी, आतिशबाजी और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया।

दोनों दलों ने लगाई पूरी ताकत

देवगढ़ के इस उपचुनाव को स्थानीय राजनीति में भाजपा विधायक हरिसिंह रावत और पूर्व कांग्रेस विधायक सुदर्शन सिंह रावत की परफॉर्मेंस से जोड़कर देखा जा रहा था। कांग्रेस की जीत ने जहां कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया, वहीं भाजपा खेमे में निराशा का माहौल रहा। कांग्रेस नेता सुदर्शन सिंह रावत ने कहा कि यह जनता के बदलाव चाहने का संकेत है। दूसरी ओर भाजपा नगर अध्यक्ष गोविंद कंसारा का कहना था कि कांग्रेस को सहानुभूति के वोट मिले, इसलिए जीत संभव हो पाई।

जनता के बीच पहुंचे दोनों प्रत्याशी

जीत के बाद कांग्रेस प्रत्याशी किशनलाल अपने समर्थकों के साथ वार्ड पहुंचे और वार्डवासियों से आशीर्वाद लेकर धन्यवाद दिया। उन्होंने वादा किया कि सबको साथ लेकर विकास करेंगे। इधर, भाजपा प्रत्याशी पीरूलाल भी अपने समर्थकों के साथ वार्ड पहुंचे और सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

चुनाव का संक्षिप्त ब्यौरा

कुल मतदाता: 657

वोट पड़े: 439

कांग्रेस प्रत्याशी किशनलाल: 222

भाजपा प्रत्याशी पीरूलाल: 215

नोटा: 2

जीत का अंतर: 7

Published on:
23 Aug 2025 11:02 am
Also Read
View All

अगली खबर