समाचार

दशहरे की तैयारियां लगभग पूरी, 70 फीट रावण के पुतले का होगा दहन

दशहरा मैदान में होगा पुतला दहन

2 min read
Oct 01, 2025
दशहरा मैदान पर रामायण पाठ करते पुरूषार्थी समाज के लोग।

शहर में निकलेगी शोभायात्रा, दशहरा मैदान पर होगी आतिशबाजी

अलवर. शहर के दशहरा मैदान में दशहरा के अवसर पर होने वाले रावण दहन कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बुधवार को एडीएम बीना महावर, सीओ सिटी अंगद शर्मा, नगर निगम आयुक्त जितेंद्र नरूका, शिवाजी पार्क थानाधिकारी विनोद सांवरिया सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और दशहरा कमेटी के सदस्यों से फीडबैक लिया। पुरुषार्थी समाज जिला अलवर के जिलाध्यक्ष कुलदीप कालरा ने बताया कि 2 अक्टूबर को मनाए जाने वाले दशहरे की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। इस बार रावण 70 फीट, कुंभकरण 60 व मेघनाद का 55 फीट के पुतले तैयार किए गए है। पिछले साल के मुकाबले इस साल रावण के पुतले की ऊंचाई 5 फीट कम की गई है। डीग के कारीगरों ने इस बार 20 दिन में रावण के पुतले तैयार किए है। दशहरा मैदान पर आकर्षक रंगीन आतिशबाजी गाजियाबाद के कलाकारों की ओर से की जाएगी। अध्यक्ष कालरा ने बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, वन राज्यमंत्री संजय शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, रामगढ़ विधायक सुखवंत ङ्क्षसह व पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा आदि भी शामिल होंगे।

शोभायात्रा निकलेगी
शहर के विवेकानंद चौक के समीप पुरूषार्थी धर्मशाला से दोपहर को शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो बस स्टैंड, कंट्रोल रूम, होपसर्कस, घंटाघर, काशीराम चौराहा, भगत सिंह सर्किल, अम्बेडकर सर्किल, जेल चौराहा होते हुए दशहरा मैदान पर पहुंचेगी। जहां दशहरा दहन का कार्यक्रम होगा। शोभायात्रा में दिल्ली की मशहूर पूंगी पार्टी, पंजाबी ढोल, हेलीकॉप्टर ड्रोन से पुष्प वर्षा मुख्य आकर्षक होगी।

रामायण पाठ का समापन
मंगलवार को सुबह मुख्य दशहरा मंच पर सुबह 9.15 बजे रामायण पाठ प्रारंभ हुआ। पाठ का समापन बुधवार को सुबह 10.30 बजे हुआ। इसके बाद विजय यज्ञ सुबह 11 बजे किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात निर्देशों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें। हर साल की तरह इस बार भी रावण दहन कार्यक्रम देखने के लिए भारी भीड़ उमडऩे की संभावना है। प्रशासन का दावा है कि दर्शकों को सुरक्षित, सहज और सुव्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तैयारी की गई है।

Updated on:
01 Oct 2025 08:58 pm
Published on:
01 Oct 2025 08:21 pm
Also Read
View All

अगली खबर