समाचार

फर्जी प्लाटून कमांडर से सस्पेंड दरोगा बन ठगी, 4 करोड़ के वाहन हड़पे

दिल्ली एयरपोर्ट पर गाड़ियां लगाने का झांसा, 40 से अधिक वाहन गायब

2 min read
दिल्ली एयरपोर्ट पर गाड़ियां लगाने का झांसा, 40 से अधिक वाहन गायब

दिल्ली एयरपोर्ट पर गाड़ियां लगाने का झांसा, 40 से अधिक वाहन गायब

ग्वालियर। खुद को कभी प्लाटून कमांडर तो कभी सस्पेंड दरोगा बताकर वाहन मालिकों से ठगी करने वाले शातिर आरोपी हिमाचल शर्मा को पुलिस जयपुर से पकड़कर लाई है। आरोपी ट्रैक्टर से लेकर लग्जरी कार तक ठेके पर लेने का झांसा देकर चार करोड़ रुपये से अधिक कीमत के करीब 40 वाहन हड़प चुका है। पूछताछ में उसके इंटरस्टेट नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

ठेके का लालच, फिर वाहन गायब

पुलिस के अनुसार हिमाचल शर्मा लोगों को बताता था कि वह सस्पेंड दरोगा है और फिलहाल फील्ड ड्यूटी पर नहीं है, इसलिए गाड़ियां ठेके पर लगवाने का काम करता है। वह वाहन मालिकों से मासिक किराया और एडवांस देने का भरोसा दिलाकर गाड़ियां ले लेता था, लेकिन बाद में न किराया देता और न वाहन लौटाता।

साथी बताता था दिल्ली एयरपोर्ट पर कॉन्ट्रैक्ट

पूछताछ में सामने आया कि फरीदाबाद निवासी उसका साथी सुरेश शर्मा लोगों को भरोसा दिलाता था कि गाड़ियां दिल्ली एयरपोर्ट पर लगाई जाएंगी। पुलिस का मानना है कि ठगी के अधिकांश वाहन उसी के पास हैं। उसकी तलाश में टीम भेजी गई है।

कबाड़ी कनेक्शन की आशंका

आरोपी के पास पुलिस वर्दी में नौ साल पुरानी फोटो और डायरी में कबाड़ कारोबारियों के नंबर मिले हैं। आशंका है कि ठगी के वाहन कटवाकर बेचे गए हैं। इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

पहले भी कर चुका है ऐसी ठगी

करीब नौ साल पहले आरोपी फर्जी प्लाटून कमांडर बनकर ठगी करते हुए पकड़ा गया था। जेल से छूटने के बाद उसने फिर पुलिसकर्मी बनकर लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

शिकायत से खुला मामला

श्योपुर के गढ़ी निवासी संजय धाकड़ ने 9 फरवरी को ट्रैक्टर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी ने उनका ट्रैक्टर 25 हजार रुपये मासिक किराए पर लेने का अनुबंध किया था और एक लाख रुपये एडवांस देने का वादा किया, लेकिन न किराया दिया और न ट्रैक्टर लौटाया। जांच में करीब 40 अन्य वाहन मालिक भी सामने आए हैं।

तीन दिन की रिमांड

पुलिस ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं तथा फरार साथी की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा।

Updated on:
16 Feb 2026 06:17 pm
Published on:
16 Feb 2026 06:16 pm
Also Read
View All

अगली खबर