घर से कॉलेज के लिए निकलीं थीं छात्राएं, कॉलेज नहीं पहुंची, परिजनों ने किया हंगाम
घर से कॉलेज के लिए निकलीं थीं छात्राएं, जो कॉलेज नहीं पहुंची, परिजनों ने किया हंगाम
दमोह. घर से कॉलेज का कहकर लापता हुईं केएन कॉलेज की चार छात्राएं मुंबई पहुंच गईं। छात्राएं अपने सपनों को साकार करने के लिए घर परिवार को छोड़कर मायानगरी पहुंची हैं। यह जानकारी मंगलवार दोपहर को तब सामने आई, जब छात्राओं की तलाश में दमोह पुलिस ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया।
गांव से हर रोज शहर के कॉलेज आतीं पढ़ने
लापता हुईं चार छात्राओं में तीन छात्राएं पथरिया तहसील क्षेत्र के सीतानगर गांव की व एक छात्रा बिजौरी गांव निवासी है। हर रोज की तरह २९ जुलाई को यह सुबह ९ बजे सीतानगर गांव के बस स्टैंड से बस में सवार होकर दमोह के लिए रवाना हुईं थीं। करीब १० बजे यह दमोह पहुंची, लेकिन कॉलेज नहीं गईं। यहां से बालिकाएं स्टेशन पहुंची और ट्रेन में सवार होकर मुंबई चलीं गईं।
शादी से पहले सपनों को करना है साकार
घर छोड़कर जाने वालीं छात्राएं पिंकी, सुनीता, पूजा किरन का सपना शादी से पहले खुद का करियर तैयार करना है। इसी मंशा को पूरा करने इन चारों ने मिलकर मुंबई जाने का प्लान बनाया और एक राय होकर सोमवार दोपहर ट्रेन से मुंबई के सफर के लिए दमोह से रवाना हो गईं। इधर जब शाम तक चारों अपने अपने घरों पर नहीं पहुंची, तो परिवार के लोगों ने इनकी तलाश की और देर रात कोतवाली दमोह में गुमशुदगी दर्ज हुई।
पिता से कहा हमारी तलाश न करें
छात्रा पूजा ने मंगलवार सुबह वॉट्सअप कॉलिंग के जरिए अपने पिता धनीराम को फोन किया और कहा कि हम चारों घर से बहुत दूर आ चुके हैं, इसलिए तलाश न करें। पूजा ने कहा कि वह और उसके साथ मौजूद तीनों सहेलियां घर से इसलिए भागी हैं, क्योंकि हमें शादी नहीं करनी है, हमें अपना करियर बनाना है। इसके बाद पूजा ने फोन काट दिया। यह जानकारी पुलिस को मिली, तो पुलिस ने छात्रा से वॉट्सअप पर संपर्क बनाया और उनकी मौजूदगी स्थल को पता लगा लिया। इस संबंध में टीआइ कोतवाली आनंद सिंह ने बताया कि चारों छात्राओं की तलाश हो चुकी है, जो मुंबई के दादर में हैं, दमोह से इन्हें लाने के लिए टीम रवाना हो चुकी है। यह अपने सपनों को पूरा करने के लिए घर से भागी हैं अन्य कोई इनके साथ नहीं है।
वर्जन
मुंबई रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने छात्राओं को सुरक्षित कर लिया है, जिन्हें सकुशल दमोह लाए जाने के लिए निर्देश दिए जा चुके हैं। अभी यही सामने आया है कि छात्राएं आगे अपना केरियर बनाना चाहती हैं, आगे छात्राओं के दमोह आने के बाद पूछताछ की जाएगी।
श्रुतकीर्ति सोमवंशी, एसपी दमोह