समाचार

मॉकड्रिल : बस-ट्रक की भिड़ंत के बाद बस में लगी आग, सूचना से मचा हड़कंप

गोमट गांव के पास बस और ट्रक में भिड़ंत हो गई। भीषण हादसे के बाद बस में आग लग जाने से कई सवारियां हताहत हो गई है...।

2 min read

गोमट गांव के पास बस और ट्रक में भिड़ंत हो गई। भीषण हादसे के बाद बस में आग लग जाने से कई सवारियां हताहत हो गई है...। यह सूचना मिलते ही पोकरण से पुलिस के वाहनों के साथ तीन-चार एम्बुलेंस और दमकल वाहन सायरन बजाते हुए तेज गति से निकलते है। इस सूचना ने एकबारगी पोकरण कस्बे सहित आसपास क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। जब जानकारी मिली कि पुलिस की ओर से मॉक ड्रिल किया गया है तो लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस वृताधिकारी भवानीसिंह राठौड़ के नेतृत्व में एक टीम गोमट गांव के पास पहुंची और करीब 5.15 बजे सड़क हादसे की मॉक ड्रिल की शुरुआत की। जिसके अंतर्गत उन्होंने ट्रक व बस में भीषण भिड़ंत हो जाने और हादसे के बाद बस में आग लग जाने से कई लोगों के हताहत व घायल होने की सूचना प्रसारित की। मॉक ड्रिल की शुरुआत कंट्रोल रूम के साथ प्रशासन, आसपास पुलिस थानों, राजकीय अस्पताल, नगरपालिका को सूचना से की गई।

यूं पहुंचे एम्बुलेंस व दमकल वाहन

मॉक ड्रिल के दौरान घटनास्थल पोकरण से 5 किलोमीटर और रामदेवरा से 7 किलोमीटर की दूरी पर गोमट गांव के पास स्थित पुलिए के किनारे पर रखा गया। सूचना मिलते ही सबसे पहले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीणकुमार सैन मौके पर पहुंचे। करीब 15-20 मिनट बाद तहसीलदार हजाराराम, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी झब्बरसिंह चौहान भी यहां आए। सूचना के करीब 25 मिनट बाद पोकरण नगरपालिका की दमकल यहां पहुंची। इसके 5 मिनट बाद एनएचएआई की एम्बुलेंस पहुंची। करीब 5 मिनट बाद 108 सहित तीन एम्बुलेंस वाहन, दूसरी दमकल गाड़ी यहां पहुंची। साथ ही अधिकारी व कर्मचारी भी यहां पहुंचे। इसी प्रकार पोकरण थानाधिकारी भारत रावत, रामदेवरा खेताराम भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

नहीं पहुंची क्रेन

हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों से घायलों व मृतकों के शवों को निकालने और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से दूर कर यातायात सुचारु करने के लिए एनएचएआई की क्रेन को सूचना दी गई थी, लेकिन क्रेन नहीं पहुंची। करीब 6 बजे तक मौके पर इंतजार किया गया, लेकिन क्रेन नहीं पहुंची। जबकि एनएचएआई के रामदेवरा टोल नाके की मॉक ड्रिल स्थल से दूरी करीब 11 किलोमीटर ही है।

आमजन में मचा हड़कंप, लगी भीड़मॉक ड्रिल के दौरान 5 एम्बुलेंस व 2 दमकल और पुलिस के वाहनों के तेज सायरन की आवाज के साथ निकलने से कस्बे सहित आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया। साथ ही बस व ट्रक में भिड़ंत होने व बस में भीषण आग लगने की सूचना फैल गई। जिससे बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े तो राजकीय अस्पताल में भी भीड़ लग गई। करीब आधे घंटे बाद जब जानकारी मिली कि पुलिस की ओर से मॉक ड्रिल किया गया है तो लोगों ने राहत की सांस ली।

Published on:
06 Apr 2026 09:07 pm
Also Read
View All