अहमदाबाद

आणंद में गणेश चौकड़ी से अमूल डेयरी मार्ग बंद करने के विरोध में वाहन चालकों का हंगामा

ओवरब्रिज के पिलर पर गर्डर लगाने के काम के कारण 11 अप्रेल तक प्रतिबंध, 200 मीटर की दूरी तय करने को लगभग 2 किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा

2 min read

आणंद. शहर में गणेश चौकड़ी से अमूल डेयरी की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग अचानक बंद कर दिए जाने पर मंगलवार को लोगों ने विरोध जताते हुए गणेश चौकड़ी के पास हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, शहर में अमूल डेयरी से रेलवे फाटक होते हुए गणेश चौकड़ी पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। ओवरब्रिज के पिलर पर गर्डर लगाने के काम के कारण यह मार्ग बंद कर दिया गया।
इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा 11 अप्रेल तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत मंगलवार सुबह से पुलिस ने गणेश चौकड़ी और अमूल डेयरी के पास बैरिकेड लगाकर इस सड़क मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया।
शहर में प्रवेश के इस मुख्य मार्ग के बंद होने से वाहन चालक फंस गए, जिससे उनमें रोष व्याप्त हो गया। वाहन चालकों का कहना था कि पुलिस या प्रशासन द्वारा इस संबंध में पहले से कोई सूचना नहीं दी गई। सुबह से ही अचानक रास्ता बंद कर दिया गया, जिससे उन्हें काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
गणेश चौकड़ी से अमूल की ओर मात्र 200 मीटर की दूरी तय करने के लिए लोगों को लगभग 2 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ा। इससे नाराज वाहन चालकों ने मौके पर हंगामा किया और यहां तैनात ट्रैफिक पुलिस के साथ उनकी बहस भी हुई। हालांकि स्थिति अधिक तनावपूर्ण होने पर कुछ वाहन चालकों ने स्वयं ही रास्ता खोल दिया और बैरिकेड हटाकर पुलिस के सामने से ही वाहन निकालने लगे। इसके बाद भी पुलिस और वाहन चालकों के बीच तीखी बहस जारी रही और माहौल गर्म रहा।
वाहन चालक प्रियांश पटेल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मार्ग बंद करने से पहले कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई, जिसके कारण वाहन चालकों को राजोडपुरा-तुलसी गरनाला होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि गणेश फाटक से राधाकृष्ण मंदिर होते हुए सोसायटी के रास्ते वैकल्पिक मार्ग दिया जाए, तो लोगों को इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

Published on:
07 Apr 2026 10:25 pm
Also Read
View All