शाहपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम नगोनी में तेंदुए के हमले से दो चरवाहे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान धनराज पिता पांडु और उसके भाई भोले के रूप में हुई है, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Leopard attacks . शाहपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम नगोनी में तेंदुए के हमले से दो चरवाहे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान धनराज पिता पांडु और उसके भाई भोले के रूप में हुई है, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना स्थल के पास खेत में एक तेंदुए का संदिग्ध अवस्था में शव भी मिला है।
जानकारी अनुसार घटना शनिवार शाम की है। ग्राम गोलखेड़ा निवासी धनराज अपने भाई भोले के साथ पशुओं को चराने गए थे। इस दौरान एक पशु खेत में जा पहुंचा जिसे भगाने के लिए चरवाहे खेत में पहुंचे तो अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। तेंदुए के पंजों और दांतों से दोनों चरवाहे लहूलुहान हो गए। एक ने भागकर शोर मचाना शुरू दिया और हाथ की लाठी से तेंदुए को भगाने का प्रयास किया। जिसके बाद तेंदुआ भाग निकला। आसपास के लोग जमा हो गए। चरवाहों पर हमले की सूचना के बाद गांव के लोगों की भीड़ लगी। घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल रवाना किया गया।
बुरहानपुर एसडीओ अजय सागर ने बताया कि तेंदुए के हमले की सूचना नहीं है, लेकिन तेंदुए का शव मिलने की जानकारी है। वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मृत तेंदुए के शव को कब्जे में लिया है। तेंदुए की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। दरअसल गर्मी के समय वन्य प्राणी जंगली के बाहर पानी और भोजन की तलाश में निकलते हैं। विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात में अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है।