भीलवाड़ा

भीलवाड़ा में 9 को गूंजेगा नवकार महामंत्र, 108 देशों के साथ होगा सामूहिक जाप

9 को मेडिसिटी ग्राउंड में जुटेगा जनसैलाब

2 min read
Apr 04, 2026
भीलवाड़ा में 9 को गूंजेगा नवकार महामंत्र, 108 देशों के साथ होगा सामूहिक जाप

वस्त्रनगरी भीलवाड़ा एक बार फिर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर होने के लिए तैयार है। विश्व शांति, सौहार्द और मानव कल्याण की पावन भावना के साथ आगामी 9 अप्रेल को शहर में 'विश्व नवकार महामंत्र दिवस' भव्य रूप में मनाया जाएगा। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) के वैश्विक आह्वान पर जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक धार्मिक अनुष्ठान न रहकर वैश्विक एकता का प्रतीक बनने जा रहा है।

आयोजन की रूपरेखा: मेडिसिटी ग्राउंड बनेगा केंद्र

आयोजन समिति के अनुसार मुख्य कार्यक्रम शहर के मेडिसिटी ग्राउंड में सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस सामूहिक जाप की सबसे बड़ी विशेषता इसकी व्यापकता है। जिस समय भीलवाड़ा में हजारों कंठ एक स्वर में महामंत्र का उच्चारण करेंगे, ठीक उसी समय दुनिया के 108 देशों में भी लाखों लोग इस आध्यात्मिक लहर का हिस्सा बनेंगे।

आयोजन से जुड़े पोस्टर का विमोचन संत समाज की ओर से किया गया। इस अवसर पर जीतो चैप्टर के चीफ सेक्रेटरी मनीष शाह, कन्वीनर व ट्रेजरार प्रतीक कावड़िया, ललित डोसी, लोकेश अजमेरा और समाजसेवी गजानंद बजाज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संतों का संदेश: संप्रदाय से परे है यह अनुष्ठान

कार्यक्रम के पोस्टर विमोचन के दौरान शहर के प्रमुख संतों ने इस अनुष्ठान को मानवता के लिए मील का पत्थर बताया।

  • हरी सेवा उदासीन आश्रम के महंत हंसराम ने कहा कि नवकार मंत्र किसी एक संप्रदाय तक सीमित नहीं है। यह मानवता, प्रेम और आध्यात्मिक एकता का सार्वभौमिक संदेश देता है।
  • संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी ने सामूहिक शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि जब हजारों लोग एक ही संकल्प के साथ मंत्रोच्चार करते हैं, तो वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है जो नकारात्मकता का नाश करता है।
  • टेकरी के बालाजी के महंत बनवारी शरण शास्त्री व निंबार्क आश्रम महंत मोहन शरण शास्त्री ने इसे दिव्य अनुष्ठान करार देते हुए कहा कि करोड़ों लोगों की एक सामूहिक प्रार्थना से विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा।

जन-भागीदारी की अपील

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने भी जीतो के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने पिछले वर्ष के सफल आयोजन को याद करते हुए भीलवाड़ा वासियों से अपील की है कि वे इस वर्ष भी रिकॉर्ड संख्या में उपस्थित होकर इस प्रेरणादायी क्षण के साक्षी बनें।

Published on:
04 Apr 2026 08:44 am
Also Read
View All

अगली खबर