समाचार

पानीपत: घर में घुसकर व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग

Dec 02, 2024
Feature image

प्रेम विवाह को लेकर लडक़ी पक्ष चल रहा था विवाद
पानीपत. नामुंडा गांव में एक व्यक्ति पर दो युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली व्यक्ति के कंधे में लगी। उसको पानीपत में निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वारदात को घर में घुसकर अंजाम दिया गया। फायरिंग की सूचना पर समालखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर से गोलियों के चार खोल बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नामुंडा गांव निवासी सुरेश के बेटे दीपक ने कुछ दिन पहले प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर सुरेश का लडक़ी पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा था। दीपक अब घर नहीं रहता। रविवार शाम को सुरेश अपने भतीजे रोहित व बेटी तानिया के साथ अपने घर पर था। देर शाम करीब साढ़े सात बजे एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। एक युवक मोटरसाइकिल पर ही बैठा रहा। दूसरा गेट खोलकर सीधा अंदर घुस गया और बेड पर बैठे सुरेश पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उस पर चार गोलियां चलाई गई। एक गोली उसके कंधे में लगी। इसके बाद आरोपी पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए। परिजनों ने डायल 112 पर कॉल कर इस घटना की सूचना दी और घायल सुरेश को पानीपत निजी अस्पताल में भिजवाया। सूचना मिलते ही समालखा पुलिस थाना प्रभारी नीरज कुमार व सीआईए की दो टीमें मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है। अब पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
एक घंटा पहले आकर दीपक को पूछा
शाम छह बजे दो युवक पहले सुरेश के घर आए थे। इन्होंने सुरेश से उसके बेटे दीपक के बारे में पूछा। सुरेश ने उन्हें कहा कि उसे दीपक के बारे में कोई जानकारी नहीं है। यह सुनकर युवक यहां से चले गए। दोबारा साढ़े सात बजे एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आए। इन्होंने सुरेश को कमरे में जाकर गोली मारी।

Updated on:
02 Dec 2024 06:01 pm
Published on:
02 Dec 2024 06:01 pm