जैसलमेर जिले की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में आगामी 27 फरवरी को भारतीय वायु सेना की ओर से आयोजित वायुशक्ति-2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
जैसलमेर जिले की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में आगामी 27 फरवरी को भारतीय वायु सेना की ओर से आयोजित वायुशक्ति-2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि होंगी। राष्ट्रपति की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
वहीं इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को जैसलमेर पहुंच रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री गुरुवार शाम तक जैसलमेर पहुंचेंगे, उनकी यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वायुशक्ति-2026 के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आगमन की भी पूर्ण सम्भावना है। गौरतलब है कि पूर्व में इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के भी शामिल होने की सम्भावना जताई गई थी लेकिन अब उनका 28 फरवरी को राजस्थान दौरा बना है।
वायुसेना के दो साल में एक बार होने वाले वायुशक्ति- 2026 में राष्ट्रपति सहित अन्य वीवीआइपी के आगमन के मद्देनजर वायुसेना के साथ जिला व पुलिस प्रशासन की तरफ से भी उच्चस्तरीय तैयारियां की जा रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को जैसलमेर पहुंचेंगे और तैयारियों का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर स्थानीय भाजपा पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि तैयारियों में जुटे हैं। जिला प्रशासन व पुलिस ने संयुक्त रूप से सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की रूपरेखा तैयार की है। एयरफोर्स स्टेशन से लेकर आयोजन स्थल तक चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही है।