
Vladimir Putin Warning: भारत दौरे से ठीक पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने ऐसा बयान दिया है, जिससे पूरी दुनिया सकते में आ गई है। पुतिन का कहना है कि रूस, यूरोप के साथ जंग नहीं चाहता, लेकिन अगर वे जंग चाहते हैं, तो हम तैयार हैं। बता दें कि अमेरिका के प्रयासों के चलते रूस और यूक्रेन शांति की तरफ आगे बढ़ रहे हैं, ऐसे में पुतिन के इस बयान ने दुनिया की टेंशन बढ़ा दी है।
व्लादिमीर पुतिन ने कहा, हम यूरोप के साथ युद्ध नहीं चाहते लेकिन, अगर यूरोप अचानक जंग शुरू करना चाहता है, तो हम पूरी तरह तैयार हैं और इसमें कोई शक नहीं है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर युद्ध होता है, तो हालात ऐसे बन जाएंगे कि बीच-बचाव करने वाला कोई नहीं होगा।
पुतिन ने यूरोपीय देशों पर आरोप लगाया कि वह यूक्रेन युद्ध खत्म करने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कोशिशों में रुकावट डाल रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यूरोपियन ताकतों ने यूक्रेन पर शांति बातचीत से खुद को बाहर रखा है और रूस से संपर्क तोड़ लिया है। वह युद्ध के पक्ष में दिखाई देते हैं। पुतिन ने यूक्रेन द्वारा काला सागर (Black Sea) में रूसी तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी।
रूसी राष्ट्रपति ने दो टूक शब्दों में कहा कि यूक्रेन को ऐसे हमलों का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। हम उसे समुद्र से काटकर अलग कर देंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रूस, यूक्रेन के ठिकानों पर हमले तेज कर सकता है और उसकी मदद करने वाले देशों को भी सबक सिखाएगा। बता दें कि यूक्रेन के सुरक्षा अधिकारी ने शनिवार को बताया था कि नौसेना ने दो रूसी तेल टैंकरों पर ड्रोन हमला किया है। जानकारों का मानना है कि शांति प्रयासों के बीच यूक्रेन के हमले और उसके बाद व्लादिमीर पुतिन का बयान डोनाल्ड ट्रंप के प्रयासों पर पानी फेर सकता है।
रूस के राष्ट्रपति पुतिन भारत दौरे पर आने वाले हैं। वह 4 और 5 दिसंबर को दिल्ली में रहेंगे। इस दौरान भारत और रूस के बीच कई मुद्दों पर बातचीत होगी। पुतिन 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आ रहे हैं। लंबे समय बाद पुतिन का भारत दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण है। माना जा रहा है कि S-400 ट्रायम्फ एयर डिफेंस स्क्वाड्रन को लेकर कोई डील साइन हो सकती है। भारत इस रूसी डिफेंस सिस्टम को खरीदना चाहता है।