भीलवाड़ा

सड़क सुरक्षा: चालान का डर नहीं, जागरूक बने शहर; पैडल पर निकले ‘सुरक्षा दूत’

- राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: भीलवाड़ा साइकिल क्लब की रैली - स्टेशन चौराहे से पुलिस कंट्रोल रूम तक गूंजा ट्रैफिक नियमों का संदेश

less than 1 minute read
Jan 11, 2026
Road safety: No fear of fines, cities become more aware; 'safety ambassadors' set out on pedals

भीलवाड़ा शहर की सड़कों पर रविवार सुबह एक अलग ही नजारा देखने को मिला। मौका था राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का, जिसके तहत आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए भीलवाड़ा साइकिल क्लब के बैनर तले साइकिल रैली निकाली गई। साइकिल सवारों ने पैडल मारकर शहरवासियों को संदेश दिया कि सड़क पर सुरक्षित सफर ही जीवन की असली कुंजी है।

रैली को सुबह 9 बजे स्टेशन चौराहे पर समाजसेवी तिलोकचंद छाबड़ा और जिला परिवहन अधिकारी रामकिशन चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होती हुई स्टेशन चौराहा स्थित पुलिस कंट्रोल रूम पर संपन्न हुई।

डीटीओ बोले- जागरुकता जरूरी, भय नहीं

रैली के दौरान जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा माह का मूल उद्देश्य लोगों में चालान का भय पैदा करना नहीं, बल्कि उन्हें नियमों के प्रति संस्कारित करना है। उन्होंने कहा कि पूरे माह विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सुरक्षित ड्राइविंग और सीट बेल्ट व हेलमेट की महत्ता पर जोर दिया जाएगा।

स्लोगन और तख्तियों से दी सीख

रैली में शामिल नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां थाम रखी थीं। इनमें हेलमेट के उपयोग, सीट बेल्ट बांधने और यातायात संकेतों का पालन करने जैसे जागरूक संदेश लिखे थे। साइकिल मैन मुकेश कुमावत सहित बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों ने उत्साह दिखाया।

इनकी रही सहभागिता

साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि रैली में मदन खटोड़, राकेश सक्सेना, सुरेश बम्ब, मुकेश सामरिया, मनोहर डुमोलिया, सुरेंद्र छीपा, यश झुरानी, जिनेंद्र चौधरी, अशोक राठी, गिरिराज प्रजापति, नरेश बाहेती और आशुतोष आचार्य शामिल हुए। मुछाल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

Published on:
11 Jan 2026 07:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर