अलवर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू, डीडवाला-कुचामन में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।
जयपुर। राजस्थान में दिसंबर के आखिरी सप्ताह में सर्दी बढ़ी है। सर्द हवाओं के असर से रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। शनिवार को 26 शहरों में रात का न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट पर आ गया। यहां तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया। इनमें सात शहरों में रात का पारा पांच डिग्री से कम रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान करौली में 3.1 और पाली में 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा वनस्थली में 4.8, सीकर में 5, माउंट आबू और अंता में 4.5, दौसा में 4.7 डिग्री रात का पारा दर्ज किया गया।
इधर दिन के अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम केन्द्र के अनुसार आने वाले दो दिनों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। अलवर, झुंझुनूं, सीकर, चूरू, डीडवाला-कुचामन में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। मौसम केन्द्र के अनुसार आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा। दिन और रात के तापमान में कोई परिवर्तन नहीं होगा।