अजमेर

शर्मनाक : रिश्तेदार के साथ अस्पताल आई नाबालिग को पहले रेजीडेंट डॉक्टर, फिर ब्लैकमेल कर ई-मित्र संचालक ने बनाया हवस का शिकार

वारदात : पीडि़ता की बहन की शिकायत पर कृष्णगंज थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, पुलिस कर रही है मामले की पड़ताल

2 min read
Apr 12, 2026
शर्मनाक: रिश्तेदार के साथ अस्पताल आई नाबालिग को पहले रेजीडेंट डॉक्टर, फिर ब्लैकमेल कर ई-मित्र संचालक ने बनाया हवस का शिकार

अजमेर(Ajmer News). राजकीय जनाना अस्पताल में रिश्तेदार की डिलीवरी के लिए आई नाबालिग को फांसकर देहशोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात जनाना अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टर ने अंजाम दी। आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर गर्भपात भी कराया। मासूम के साथ अपराध यहीं नहीं थमा। इसके बाद पहचान के ई-मित्र संचालक ने भी हमदर्दी जताकर आरोपी चिकित्सक के चंगुल से मुक्त कराने का झांसा देकर पीडिता को अपनी हवस का शिकार बनाया। विरोध पर आरोपी ने बदनाम करने की धमकी देकर कई बार देहशोषण किया। अब पीडि़ता की बहन ने क्रिश्चियन गंज थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है।

भाभी की डिलीवरी को गई थी अस्पलाल

पुलिस के अनुसार पीडि़ता की बड़ी बहन ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी 16 वर्षीया नाबालिग बहन भाभी की डिलीवरी के लिए गत वर्ष जनाना अस्पताल में थी। अस्पताल में रेजीडेंट चिकित्सक ने बहन को अपने जाल में फंसाकर मोबाइल नम्बर ले लिया। डिलीवरी के 14 दिन बाद उसकी भाभी को छुट्टी मिलने पर चिकित्सक ने पुत्र होने की बधाई देते हुए बातों में फांस लिया।

फ्लैट पर ले जाकर दुष्कर्म

रिपोर्ट में बताया कि गत वर्ष 14 फरवरी को रेजीडेंट उसे अपनी कार में घुमाने के बहाने से फ्लैट पर ले गया। जहां उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने उसके अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। आरोपी उसे वीडियो-फोटोग्राफ दिखाकर ब्लैकमेल करता रहा। आरोपी चिकित्सक से पीडि़ता के दो माह का गर्भ ठहरने पर चिकित्सक ने उसे डरा-धमका कर गर्भनिरोधक गोलियां खिलाकर गर्भपात करवा दिया।

ई-मित्र संचालक ने फांसा

रिपोर्ट के अनुसार पीडि़ता का स्कूल के कामकाज के सिलसिले में ई-मित्र की दुकान पर पर आना-जाना था। जिसके संचालक से उसकी नाबालिग बहन की पहचान थी। पीडि़ता ने चिकित्सक की करतूत के बारे में ई-मित्र संचालक को बताया तो उसने चिकित्सक के चंगुल से निकालने का भरोसा दिलाकर 17 दिसम्बर 2025 को होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। ई-मित्र संचालक ने दिसम्बर 2025 से अप्रेल 2026 तक उसकी नाबालिग बहन को होटल में 6 मर्तबा ले जाकर देहशोषण कर मारपीट भी की।

यूं हुआ खुलासा

पीडि़ता की बड़ी बहन ने शिकायत में बताया कि 10 अप्रेल को बहन के कपडे बदलने के दौरान उसकी नजर उसके शरीर पर चोट के निशानों पर पड़ी। पूछताछ करने पर वह फूट-फूट कर रोने लगी। उसने अपने साथ हुआ सम्पूर्ण घटनाक्रम सुनाया। पुलिस ने पीडिता की बड़ी बहन की शिकायत पर नाबालिग से बलात्कार, व पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्जकर अनुसंधान शुरू कर दिया। प्रकरण में अनुसंधान थानाप्रभारी अरविन्द सिंह चारण कर रहे हैं।

Also Read
View All