समाचार

शहर में भट्टी के माफिक तपने लगी सड़कें, सूने रहे बाजार

सीजन में पहली बार 44.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा तापमान , दिन व रात के तापमान में 15 डिग्री का अन्तर

less than 1 minute read
May 24, 2024
सिरोही. बच्ची को तेज धूप से बचाने के लिए छाते पर भी चादर डाल ले जाती महिला।

सिरोही. सीजन में पहली बार गुरुवार को तापमान का पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्मी के कारण दोपहर में शहर एवं ग्रामीण इलाकों में सड़क़ें सूनी हो गई। खेतों में फसल बुवाई की तैयारियों में लगे काश्तकार भी दोपहर तक घरों में रहे। गर्म हवाओं के थपेड़े बेहाल करते रहे।

सूरज सुबह से ही आग बरसाता रहा। दोपहर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया, वहीं न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री रहा। यह अब तक का अधिकतम तापमान रहा। कई जगह लोग पानी के फव्वारों से भीगकर गर्मी से राहत पाने का जतन करते नजर आए। दुपहिया वाहन चालक व ऑटो रिक्शा चालक वाहन पेड़ों की छाया में रोककर आराम करते मिले। गर्मी की प्रचण्डता का आलम यह था कि सुबह साढ़े 11 बजे ही तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तपिश के कारण लोग बेहाल मिले। वहीं, दिन ढलने के साथ ही तापमान में मामूली गिरावट हुई और शाम करीब छह बजे तापमान 43 डिग्री रहा। इससे भी राहत नहीं मिली। भीषण गर्मी में विद्युत निगम की ओर से बार-बार अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। इससे आमजन को परेशानी हो रही है।

आज रात से रोहिणी नक्षत्र

24 मई को रात 3 बजे बाद सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में जाने से 25 मई से नौतपा की शुरुआत होगी। धरती पर जमकर आग बरसेगी। धूप व लू का असर जून के पहले पखवाड़े तक रहेगा। मौसम विभाग ने हीटवेव और भीषण गर्मी से सावधानी का अलर्ट जारी किया।

Published on:
24 May 2024 04:49 pm
Also Read
View All

अगली खबर