अनूपपुर. पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत करोड़ों रुपए की लागत से बन रहा लांघाटोला से केलमानिया पहुंच मार्ग कार्य लेट लतीफी का शिकार होता जा रहा है। 2 वर्ष की समयसीमा पूर्ण होने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य आधा ही हो पाया है। ठेकेदार की मनमानी से विभागीय अधिकारी भी परेशान हंै। ठेका टर्मिनेट करने विभाग […]
अनूपपुर. पुष्पराजगढ़ विकासखंड अंतर्गत करोड़ों रुपए की लागत से बन रहा लांघाटोला से केलमानिया पहुंच मार्ग कार्य लेट लतीफी का शिकार होता जा रहा है। 2 वर्ष की समयसीमा पूर्ण होने के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य आधा ही हो पाया है। ठेकेदार की मनमानी से विभागीय अधिकारी भी परेशान हंै। ठेका टर्मिनेट करने विभाग को पत्र भी लिखा गया है। सड़क का निर्माण एमपीआरडीसी द्वारा तिरुपति बिल्डकॉन लिमिटेड को दिया गया है। 157 करोड रुपए की लागत से सड़क का निर्माण होना है। 56 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य मार्च 2022 में प्रारंभ किया गया था। इसे मार्च 2024 में पूरा किया जाना था, लेकिन अभी तक सिर्फ 39 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया है, जिसमें 10 किलोमीटर सड़क में ही बिटुमिनस रोड की लेयर हो पाई है। यह लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है तथा सड़क निर्माण कार्य में देरी की वजह से बारिश के मौसम में आवागमन करना मुश्किल हो रहा है। सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं।
ठेकेदार को टर्मिनेट करने लिखा पत्र
सड़क निर्माण की लेट लतीफी से परेशान होकर एमपीआरडीसी अनूपपुर के अधिकारियों ने ठेकेदार को टर्मिनेट करने के लिए एमडी एमपीआरडीसी को पत्राचार किया है। कलेक्टर द्वारा भी इस पर संज्ञान लेते हुए विभाग को ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने संबंधी पत्र जारी किया गया था। इसके बावजूद ठेकेदार के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। आलम यह है कि ठेकेदार द्वारा मंथर गति से कार्य को अंजाम दिया जा रहा है जिसके कारण बारिश के मौसम में वाहन चालक सड़क दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। एमपीआरडीसी के प्रबंधक मुकेश बेले ने बताया कि 2 वर्ष में सड़क निर्माण पूरा करना था लेकिन ठेकेदार द्वारा काफी धीमी गति से कार्य किया जा रहा है। ठेकेदार को टर्मिनेट करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
सांसद ने निर्धारित समय अवधि में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया तथा गुणवत्ता का परीक्षण करने के लिए सड़क निर्माण की बीसी की थिकनेस की जांच के लिए सड़क को खुदवाते हुए इसका नमूना देखा। इसके पश्चात सड़क निर्माण के कार्य को निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करने के निर्देश साइट इंजीनियर को दिए। यह मार्ग पुष्पराजगढ़ का सबसे व्यस्ततम मार्ग है। स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद से सड़क निर्माण में हो रही लेट लतीफी की शिकायत दर्ज कराई थी। क्षेत्र भ्रमण के दौरान सांसद ने मौके पर पहुंचकर इसका निरीक्षण किया।